राष्ट्रवाणी: दिलशाद अहमद, सूरजपुर। शहर में आज शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर के बीच स्थित नेहरू पार्क में एक युवती पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 8 बजे नगर के नेहरू पार्क में हुई। बताया जा रहा है कि एक युवक ने पार्क में मौजूद युवती पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के गले पर गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पार्क और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। गौरतलब है कि यह पूरी घटना कोतवाली थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल, हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version