भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 6 विकेट से हराकर भले ही सीरीज में बढ़त बना ली हो, लेकिन कप्तान शुभमन गिल का 80 रन के स्कोर पर अचानक ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान से बाहर चले जाना फैंस के गले नहीं उतर रहा है। जब टीम इंडिया जीत के मुहाने पर खड़ी थी और कप्तान के तौर पर गिल को मैच फिनिश करके वापस लौटना चाहिए था, तब वे क्रैम्प्स (मांसपेशियों में खिंचाव) का बहाना बनाकर पवेलियन की तरफ दौड़ पड़े। इसे लेकर सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा सातवें आसमान पर है और लोग इसे जिम्मेदारी से भागना बता रहे हैं।
एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट, जिसे दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट संस्था (BCCI) हर तरह की फिटनेस सुविधाएं देती है, वह 30-32 डिग्री के तापमान में महज 80 रन बनाकर हांफने लगता है और मैच बीच में छोड़ देता है? यह कैसी फिटनेस है? यह दिखाता है कि हमारे नए जमाने के कप्तानों में मैच को आखिरी गेंद तक ले जाकर खत्म करने की वो भूख ही नहीं है जो एमएस धोनी या पुराने खिलाड़ियों में होती थी। गनीमत रही कि अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने क्रीज पर टिककर मैच जिता दिया, वरना अगर वहां विकेट गिर जाते तो शुभमन गिल की इस कायरतापूर्ण हरकत की वजह से भारत जीता हुआ मैच भी हार सकता था। कप्तान को मिसाल पेश करनी चाहिए, न कि मुश्किल वक्त में मैदान छोड़कर भागना चाहिए।

