राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। माना थाना क्षेत्र में विवाहिता राजकुमारी साहू को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है।

इससे पहले भी वीरू ने अपनी प्रेमिका की सास की हत्या का प्रयास किया था। वह जेल भी गया था। जेल से छूटकर आने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि राजकुमारी का अन्य लोगों से बातचीत और संपर्क में रहना उसे पसंद नहीं था। इसके अलावा वह शादी करना चाहता था, लेकिन राजकुमारी के कारण उसकी शादी में अड़चन आ रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपित ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना बनाई। उसने अपना मोबाइल फोन बंद करके घर पर छोड़ दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इसके बाद पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल लिया और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रख लिया।

आरोपित घटना स्थल से पहले से परिचित था। उसने राजकुमारी को माना एयरपोर्ट के पीछे निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने की योजना बनाई। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना वाले दिन वह राजकुमारी को अपने साथ लेकर एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले निर्माणाधीन रास्ते पर पहुंचा।

वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान पुराने विवाद को लेकर बहस होने लगी। आरोपी के मुताबिक राजकुमारी के अन्य लोगों से संपर्क और उसकी शादी में आ रही अड़चन को लेकर वह पहले से नाराज था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपित ने गाड़ी की डिक्की में रखी पेट्रोल की बोतल निकाली और राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

वह जान बचाने के लिए चीखते हुए सड़क पर भागने लगी। आरोपित मौके से फरार हो गया। आग की लपटों में घिरी राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा।

उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि राजकुमारी मूल रूप से समोदा क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब आठ साल पहले उसकी शादी आरंग क्षेत्र के मोखला में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं।

करीब पांच साल पहले उसका वीरू धीवर से संपर्क हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। परिवार को इसकी जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ने लगा था। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में इसी विवाद के दौरान वीरू ने राजकुमारी की सास पर जानलेवा करारा जवाब देते हुए तीखा हमला बोला था।

इस मामले में उसे हत्या के प्रयास के आरोप में जेल भी जाना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक राजकुमारी अपने पति से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अलग होने के बाद पिछले करीब डेढ़ साल से शद्दाणी दरबार के पास एक कालोनी में रिश्तेदार के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

वह घरेलू काम करती थी, जबकि उसके दोनों बच्चे पिता के साथ रहते थे।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version