रतलाम: मध्यप्रदेश पुलिस ने कथित आतंकी साजिश के तहत राजस्थान में विस्फोटकों की जब्ती से संबंधित 2022 के मामले के मुख्य आरोपी फिरोज खान को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने खान को इस मामले में ‘‘सबसे वांछित’’ आरोपी घोषित किया था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने राजस्थान के निम्बाहेड़ा कस्बे में 28 मार्च 2022 को एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की थी। रतलाम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार ने बताया, “खान एनआईए को वांछित था, वह गिरफ्तारी से बचता रहा। उसे एक गुप्त सूचना के आधार पर रतलाम में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया है। वह मामले में तीन साल से फरार था।’’ अधिकारी ने बताया कि उसे मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी रतलाम के आनंद कॉलोनी स्थित घर में आ रहा है, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। एनआईए को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि 2022 में राजस्थान से विस्फोटकों की बरामदगी जयपुर में विस्फोट करने की योजना का हिस्सा थी। विस्फोटकों की बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके से सैफुल्लाह, जुबैर और अल्तमश को गिरफ्तार किया था।

उनसे पूछताछ के बाद विस्फोट के मास्टरमाइंड इमरान और उसके साथियों को भी एनआईए ने पकड़ लिया, लेकिन फिरोज खान अब तक फरार था। कुमार ने बताया कि इसके साथ ही मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version