Rohit-Kohli: रोहित शर्मा और विराट कोहली की भारतीय अनुभवी जोड़ी ने वनडे में 100वीं बार साथ में बल्लेबाजी की। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। रोहित और कोहली ने सात महीने के बाद भारतीय टीम में वापसी की है। प्रशंसकों का मन उस वक्त उत्साह से भर गया जब एडिलेड ओवल में रोहित और कोहली क्रीज पर साथ नजर आए। हालांकि, उनकी यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी क्योंकि कोहली चार गेंद बाद ही खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।

भारत को लगे शुरुआती झटके
ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। जेवियर बार्टलेट ने भारत को दो झटके दिए। उन्होंने पहले कप्तान शुभमन गिल को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया जो नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बार्टलेट ने उसी ओवर में कोहली को शून्य पर आउट किया। 2027 वनडे विश्व कप खेलने का लक्ष्य रखने वाले कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो मैचों में खाता खोले बिना आउट हुए हैं। कोहली मौजूदा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। एडिलेड से पहले वह पर्थ वनडे में भी खाता खोले बिना आउट हुए थे। उनके वनडे करियर में यह पहली बार हुआ है कि कोहली लगातार दो मैचों में खाता नहीं खोल सके हैं।

हिट रही है रोहित-कोहली की जोड़ी
कोहली भले ही इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उन्होंने क्रीज पर उतरने के साथ एक उपलब्धि हासिल की। रोहित और कोहली की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में साथ बल्लेबाजी करने के साथ ही बड़ा मुकाम हासिल किया। दोनों बल्लेबाज वनडे में 100वीं बार साथ बल्लेबाजी करने उतरे। इन दोनों ने वनडे में अबतक 100 पारियों में साझेदारी की है और कुल 5315 रन बनाए हैं। इस दौरान दोनों के बीच 18 बार शतकीय और 17 बार 50+ रनों की साझेदारी हुई है। रोहित और कोहली की जोड़ी का औसत 56.54 का रहा है। हालांकि, एडिलेड में दोनों खिलाड़ियों के बीच साझेदारी बनने से पहले ही टूट गई।

पावरप्ले में रन बनाने के लिए जूझती दिखी टीम
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की शुरुआत धीमी रही और उसने पहला पावरप्ले समाप्त होने तक दो विकेट पर 29 रन बनाए थे। 2023 से भारत का वनडे में पावरप्ले में तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले टीम ने पर्थ वनडे में पावरप्ले के दौरान तीन विकेट पर 27 रन बनाए थे।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version