राष्ट्रवाणी: आशुतोष तिवार, जगदलपुर। देश के भविष्य को संवारने का दावा करने वाले प्रयास आवासीय विद्यालय में अब बच्चों का भविष्य ही सवालों के घेरे में नजर आ रहा है। जगदलपुर के धुरगुड़ा स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने खुलकर आवाज उठाई। छात्रों का आरोप है कि जिस समय उनकी कक्षाएं चलती हैं, उसी दौरान परिसर में निर्माण कार्य कराया जाता है, जिससे मशीनों का शोर पढ़ाई में लगातार बाधा बन रहा है। बच्चों का कहना है कि आईआईटी-जेईई और नीट की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों को अचानक हटा दिया गया, जबकि उनकी जगह योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई। विरोध करने पर उनकी बात सुनने के बजाय टाल दिया जाता है और कथित तौर पर “पढ़ना है तो पढ़ो, नहीं तो मत पढ़ो” जैसी बातें कही जाती हैं। छात्रों ने यह भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिक्षकों को बदला जाता है, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है। कई छात्रों ने दावा किया कि विरोध करने पर टीसी काटने, नोटिस देने और एफआईआर की धमकी तक दी गई। सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, छात्रों ने हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बाथरूम, पीने के पानी और साफ-सफाई की स्थिति खराब है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत करते हुए छात्रों ने खाने में कीड़े मिलने तक के आरोप लगाए। छात्रों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों और वार्डन को वापस लाने की मांग करते हुए कहा कि वही उन्हें जेईई-नीट की सही तैयारी, मार्गदर्शन और मोटिवेशन देते थे। वहीं मामले को लेकर एसडीएम मनीष वर्मा ने छात्रों की शिकायतों को गंभीर बताते हुए भोजन व्यवस्था, हॉस्टल, पानी, बाथरूम और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे हर सप्ताह हॉस्टल का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक सुधार कराएंगे। कोऑर्डिनेटर के व्यवहार को लेकर मिली शिकायतों पर एसडीएम ने कहा कि पहले समझाइश दी जाएगी और यदि सुधार नहीं हुआ तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आश्वासन से बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा, या फिर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही प्रयास विद्यालय की व्यवस्थाओं में वास्तविक बदलाव दिखाई देगा?
Trending
- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला ए ग्रेड – राष्ट्रवाणी
- राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सपरिवार देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’ – राष्ट्रवाणी
- नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं – राज्यपाल डेका—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- हंसी के ठहाकों से लेकर मीरा की भक्ति तक, ‘रंग परब’ के दूसरे दिन सजी रंगमंच की महफिल—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक – अरुण साव – राष्ट्रवाणी
- वन एवं पुलिस विभाग की तत्परता से ग्राम सिंघनपुरी में तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- खनन परिचालन में तेजी आने से कोल इंडिया का दैनिक उत्पादन 40% बढ़ा – भारतीय पीएसयू
- बड़ी खबर : गुरु बालदास के बड़े बेटे और मंत्री खुशवंत साहब के भाई ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ – राष्ट्रवाणी

