जम्मू/नयी दिल्ली. लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सचिंद्र कुमार ने सेवानिवृत्ति के कारण बुधवार को उधमपुर स्थित उत्तरी कमान की जिम्मेदारी छोड़ दी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा उत्तरी कमान के नए ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ होंगे और दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में जारी टकराव की स्थिति के बीच बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण करेंगे.

पहलगाम में हुए हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, “उत्तरी कमान के सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सचिंद्र कुमार ने अपनी सेवानिवृत्ति और उत्तरी कमान की कमान छोड़ने पर उधमपुर स्थित ध्रुव युद्ध स्मारक पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.” लेफ्टिनेंट जनरल कुमार ने पिछले वर्ष फरवरी में वर्तमान सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों और लद्दाख सहित भारत की उत्तरी सीमाओं पर सुरक्षा व विभिन्न अभियानों की जिम्मेदारी संभाली थी.
लेफ्टिनेंट कुमार का कार्यकाल 15 महीने का था.

सैन्य कमांडर सोशल मीडिया पीआईबी पहलगाम हमले के बाद सैन्य कमांडर को ‘हटाने’ की खबर फर्जी : सरकार

सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने बुधवार को ”कई पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकांउट” द्वारा किए गए उन दावों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार को पहलगाम हमले के बाद उनके पद से हटा दिया गया है. पीआईबी ने स्पष्ट किया कि लेफ्टिनेंट जनरल कुमार 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं.

पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ एक पोस्ट में कहा, ”इन पोस्ट में किए जा रहे दावे फर्जी हैं.” इसने साथ ही, कई ऐसे अकाउंट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया जिसमें झूठा दावा किया गया है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़े तनाव के बीच सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट किए गए हैं. आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. लेफ्टिनेंट जनरल कुमार ने फरवरी 2024 में भारतीय सेना की उधमपुर स्थित उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) के रूप में पदभार ग्रहण किया था.

माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर लिखा गया, ”कई पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट झूठा दावा कर रहे हैं कि पहलगाम की घटना के बाद उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुचिंद्र कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है. पीआईबी फैक्ट चेक की जांच के मुताबिक इन पोस्ट में किए जा रहे दावे फर्जी हैं.” लेफ्टिनेंट जनरल कुमार 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को उत्तरी कमान का नया कमांडर नियुक्त किया जाएगा. लेफ्टिनेंट जनरल कुमार इससे पहले उप सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत थे.

पीआईबी ने सोमवार को बताया था कि कुछ पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट गलत दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से संबंधित ‘गोपनीय दस्तावेज’ लीक हो गए हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में पीआईबी फैक्ट चेक ने इन दस्तावेजों को ”फर्जी” करार दिया.

पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने पोस्ट में कहा, ”पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट झूठा दावा कर रहे हैं कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए हैं. पीआईबी फैक्ट चेक तसदीक करता है कि ये दस्तावेज फर्जी हैं. कृपया असत्यापित जानकारी साझा करने से बचें और सटीक जानकारी के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.” रक्षा मंत्रालय ने रविवार को आगाह किया कि व्हाट्सऐप पर एक ‘भ्रामक’ संदेश चल रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरकार ने भारतीय सेना के आधुनिकीकरण के लिए दान मांगने हेतु एक बैंक खाता खोला है. मंत्रालय ने इस संदेश का खंडन किया और लोगों से ”सतर्क रहने तथा ऐसे धोखाधड़ी वाले संदेशों का शिकार न होने” का आग्रह किया.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version