राष्ट्रवाणी: -सीएम साय ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का किया आह्वान राज्य ब्यूरो,, रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं।
सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक अपने गांव, शहर और आसपास सेवा के कार्यों से जुड़कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़े। सीएम साय ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विशेष अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम सात बजे हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए।
आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।
