राष्ट्रवाणी: रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर सहित करीब 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायल जवानों के स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेटिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है, जिनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बता दें कि बीते दिन दिल्ली में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपाई कांग्रेस भवन का घेराव करने निकले। इस प्रदर्शन में कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।
Trending
- कोल इंडिया का डिजिटल पहलू: विक्रेता अभी भी बिलिंग के पाषाण युग में क्यों फंसे हुए हैं? – भारतीय पीएसयू
- सीसीएल कर्मचारी कल्याण सेवाओं के डिजिटल परिवर्तन को आगे बढ़ा रहा है – भारतीय पीएसयू
- मोल्दोवा का कहना है कि रूसी ड्रोन घुसपैठ के कारण ज़ेलेंस्की की ओस्लो उड़ान में देरी हुई – राष्ट्रवाणी
- ‘कर क्या रहे हो? मर जाओगे…’ जब Irrfan Khan ने तीन बार बचाई थी तिग्मांशु धूलिया की जान, मारा था जोर का थप्पड़ – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल- शशिकांत को एम्स रायपुर में कराया भर्ती—देखें क्या है पूरा सच – राष्ट्रवाणी
- नुआखाई, महाअष्टमी और गोवर्धन पूजा के अवसर पर शासकीय कार्यालय एवं संस्थाएं रहेंगी बंद—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- जोखिमपूर्ण भवनो की जांच में होगी लापरवाही, तो तय होगी जवाबदेही – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ के नेताओं पर चढ़ा 80s का खुमार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव और मंत्री विंटेज लुक में आए नजर, देखें PHOTOS – राष्ट्रवाणी
