चंदौली. चंदौली से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह द्वारा भारत की टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को ‘पीडीए का साथी’ बताने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. सपा सांसद ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को भारत और पाकिस्तान मुकाबले का जिक्र करते हुए भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव को ‘पीडीए’ का साथी बताया और कहा कि उनकी अंतरात्मा ने भारत की इज्जत को ‘गिरने’ से बचा लिया.

दरअसल, पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान एक चुनावी मंत्र के रूप में गढ़ा गया शब्द है. उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सपा की रणनीति मुख्यत: इसी पीडीए फार्मूले के गिर्द घूम रही है.

सिंह ने कहा, ”भारतीय कप्तान पीडीए का साथी है. उसकी अंतरात्मा ने भारत की इज्जत को गिरने से बचा लिया. जीत के बाद उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. ऐसा करके उन्होंने हमारे युवा शहीदों के बलिदान का सम्मान किया और उन महिलाओं का भी सम्मान किया जिन्होंने पहलगाम में पाकिस्तान सर्मिथत आतंकवादियों के हाथों अपना सुहाग खो दिया था.” सपा सांसद ने आरोप लगाते हुए कहा, ”भाजपा के लोग यह मैच देख रहे थे और ठहाका लगा रहे थे, देश की संवेदना से खिलवाड़ कर रहे थे.” सिंह के इस बयान की भाजपा नेताओं ने आलोचना की है. भाजपा की राज्यसभा सदस्य साधना सिंह ने सपा सांसद के इस बयान को ‘मूर्खतापूर्ण’ और अप्रासंगिक बताया.

भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने सिंह की इस टिप्पणी को ‘क्षुद्र मानसिकता’ से परिपूर्ण बताया और कहा कि विपक्ष देश को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहा है. भाजपा नेताओं की इन टिप्पणियों पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा, ”सत्तारूढ़ दल ध्यान भटकाने की कोशिश करता रहता है लेकिन सच्चाई यह है कि महंगाई और अन्याय के खिलाफ लोगों का गुस्सा छिपाया नहीं जा सकता. क्रिकेट में भी भाजपा ने नहीं बल्कि खिलाड़ियों की आंतरिक शक्ति ने देश की गरिमा बचाई है.” भारत ने रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप टूर्नामेंट के मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version