मुंबई/नयी दिल्ली. अभिनेता सतीश शाह को रविवार को परिवार के सदस्यों, मित्रों और फिल्म एवं टेलीविजन उद्योग के सहर्किमयों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी. उनका दोपहर में विले पार्ले के श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार किया गया. शाह की अंतिम यात्रा में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और उनकी पत्नी रत्ना पाठक शाह, प्रशंसक और फिल्म उद्योग के अन्य लोग शामिल हुए. रत्ना पाठक ने ”साराभाई वर्सेस साराभाई” में सतीश शाह के साथ काम किया था.
सतीश शाह का शनिवार को 74 वर्ष की आयु में गुर्दे की बीमारी के कारण निधन हो गया था. उनके परिवार में पत्नी मधु शाह हैं जो पेशे से डिजाइनर रही हैं. शाह के पार्थिव शरीर को रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एम्बुलेंस से बांद्रा (पूर्व) स्थित उनके घर लाया गया. बाद में उसी एम्बुलेंस को गेंदे के फूलों से सजाया गया और वाहन के आगे और पीछे अभिनेता की दो तस्वीरें लगाई गईं. बाद में पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि ले जाया गया. अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी शाह के निजी सहायक रमेश कडातला ने निभाई.
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”वह (रमेश) उनके (शाह) बेटे जैसे थे. वह करीब 40 वर्षों से दंपति के साथ थे. यह उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है. रमेश ने अपना पूरा जीवन उनके लिए सर्मिपत कर दिया. अब उन्हें मधु जी की देखभाल करनी होगी, जो अल्जाइमर से पीड़ित हैं. वह लोगों को नहीं पहचानतीं. उन्हें आज सुबह ही (शाह के निधन) के बारे में पता चला.” ”साराभाई वर्सेस साराभाई” में सतीश शाह के सह-कलाकार रूपाली गांगुली और राजेश कुमार उन्हें अंतिम विदाई देते हुए भावुक हो गए.
सतीश शाह ने साराभाई परिवार के मजाकिया सदस्य इंद्रवदन साराभाई की भूमिका निभाई थी और अपने अंदाज से लोगों को खूब हंसाया था. अभिनेता सुमीत राघवन, अनंग देसाई, परेश गनात्रा, निर्माता जेडी मजीठिया, लेखक-निर्देशक आतिश कपाड़िया और अभिनेता-निर्देशक देवेन भोजानी सहित ”साराभाई वर्सेस साराभाई” टीम के अन्य लोग भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
इस मौके पर दिवंगत अभिनेता के करीबी मित्र और सहकर्मी जैसे पंकज कपूर, सुप्रिया पाठक, स्वरूप संपत, सुरेश ओबेरॉय, पूनम ढिल्लों भी उपस्थित थे. नील नितिन मुकेश, दिलीप जोशी, फराह खान, जैकी श्रॉफ, अली असगर, टिक्कू तलसानिया, सुधीर पांडे, शरत सक्सेना और अवतार गिल सहित फिल्म जगत के अन्य सदस्य भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ है जिसमें अभिनेता-निर्माता जेडी मजीठिया, लेखक-निर्देशक आतिश कपाड़िया, अभिनेता-निर्देशक देवेन भोजानी, अभिनेता रूपाली गांगुली, सुमीत राघवन, राजेश कुमार और परेश गनात्रा, ”साराभाई वर्सेस साराभाई” के शीर्षक गीत के साथ दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देते नजर आए.
कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ” अंतिम अलविदा.. साराभाई गाने के बिना पूरा नहीं हो सकता था… इंदु काका अमर रहें, क्या आपने सुना… मैंने भी गाने की कोशिश की?” मजीठिया ने कहा कि यह शाह को अंतिम विदाई देने का उनका तरीका है. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हम उन्हें अपने तरीके से श्रद्धांजलि देना चाहते थे. इसलिए, जब लगभग सभी लोग श्मशान घाट से चले गए, तो हमने उनके लिए यह (शो का शीर्षक गीत) गाया. मुझे लगता है कि उन्हें यह इसी तरह पसंद आया होगा. वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनका सम्मान किया जाना चाहिए.” मजीठिया के अनुसार, शाह ने स्वस्थ होने और अल्जाइमर से पीड़ित पत्नी मधु की देखभाल के लिए गुर्दे का प्रत्यारोपण करवाया था.
उन्होंने बताया, ” मधु जी को इसका (शाह के निधन का) अहसास हो गया है. शुरुआत में उन्हें कुछ पता नहीं था. उन्होंने कहा था, ‘वह अंदर हैं और कुछ देर में बाहर आ जाएंगे.’ हमने कहा, ‘ठीक है, हम इंतजार कर रहे हैं.’ लेकिन जब सतीश जी का पार्थिव शरीर घर लाया गया और हम अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें वास्तविकता देखने और उन्हें अलविदा कहने के लिए बाहर लाया गया. उन्होंने अपना हाथ उनके सिर पर रखा और रोने लगीं. वह काफी देर तक उनके पास बैठी रहीं. यह दुखद है.” मजीठिया ने कहा कि वे सभी मधु से जुड़े रहेंगे.
अभिनेता-निर्माता ने बताया कि सतीश शाह अक्सर अपनी पत्नी और उनके स्वास्थ्य के बारे में बात करते थे. उन्होंने कहा, ”उनकी (मधु की)हालत बहुत बिगड़ गई है. मुझे याद है कि सतीश जी हमेशा कहा करते थे कि, ‘मुझे मधु के स्वास्थ्य के अलावा और किसी चीज. की चिंता नहीं है, और जीवन में किसी और चीज. की नहीं.” भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) से स्नातक सतीश शाह पहली बार ”अरविंद देसाई की अजीब दास्तां”, ”गमन” और ”उमराव जान” जैसी फिल्मों में छोटी-मोटी भूमिकाओं के साथ दिखाई दिए थे.
सतीश शाह को याद करते हुए भावुक हुए बॉलीवुड कलाकार
अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा जोनस, सलमान खान, करीना कपूर खान सहित कई फिल्मी हस्तियों ने दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किए. ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूं ना’ जैसी फिल्मों और मशहूर टीवी धारावाहिक ‘साराभाई वर्सेज. साराभाई’ में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले सतीश शाह का शनिवार दोपहर बांद्रा (पूर्व) स्थित उनके आवास पर निधन हो गया. वह 74 वर्ष के थे. बच्चन ने रविवार को अपने ब्लॉग पर दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए एक पोस्ट साझा की.
उन्होंने लिखा, “हममें से एक और साथी चला गयाङ्घ युवा और प्रतिभाशाली कलाकार सतीश शाह हमें बहुत जल्द छोड़कर चले गएङ्घ ऐसे कठिन समय में सामान्य शब्दों में कुछ कहना आसान नहीं होताङ्घ लेकिन जैसा की कहावत है ‘जिंदगी चलती रहनी चाहिए’…दुख और निराशा के बीच भी हम सामान्य दिखने की कोशिश करते हैं, पर सच यह है कि ऐसा कर पाना आसान नहीं होता.” सतीश शाह के साथ 1997 में आई फिल्म ‘जुड़वा’ में काम करने वाले सलमान खान ने ‘एक्स’ पर फिल्म की एक तस्वीर साझा की जिसमें दोनों कलाकार नजर आ रहे हैं.
उन्होंने पोस्ट में कहा, ”मैं आपको (सतीश शाह) 15 साल की उम्र से जानता हूं” आपने जिंदगी शान से जी. भगवान आपकी आत्मा को शांति दे. आपकी कमी बहुत खलेगी, सतीश जी.” प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अपने ‘इंस्टाग्राम’ खाते पर एक ‘स्टोरी’ साझा की और लिखा, ”ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे, सतीश जी.” करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”आपकी आत्मा को शांति मिले, सतीश शाह.” ऋतिक रोशन ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “आदरणीय सतीश सर, भगवान आपकी आत्मा को शांति दे. एक नए कलाकार के रूप में सेट पर आपने मुझे जो स्नेह दिया, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा. आपका खुशमिजाज स्वभाव और आपकी विरासत हमेशा प्रेरणा देती रहेगी. परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.” अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया और कहा, ”’क्या हो रहा है ये? तीन-चार दिन में मेरे साथ के बहुत अच्छे-अच्छे लोग चले गए. मेरी इस खोखली हंसी के पीछे बहुत उदासी है. सतीश शाह… मैं सतीश शाह को मेरे शाह कहता था, वह कहता था जहांपनाह.” उन्होंने कहा, ”बड़ा ही अच्छा दोस्त था मेरा, यह वाकई चौंकाने वाला है. मैं अभी स्विट्जरलैंड आया हुआ हूं जहां हमने ‘दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’ की शूटिंग की थी, मैं बड़ा खुश था, लेकिन अचानक ही मैंने मोबाइल खोला तो खबर आई कि सतीश शाह अब नहीं रहे. वह ‘दिलवाले’, ‘हम आपके हैं कौन’ और न जाने कितने फिल्मों में साथ थे. वह हंसते रहते थे और हंसाते रहते थे.”
चंकी पांडे ने अपनी कई पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ”ये जो है जिंदगी’ से सतीश शाह का प्रशंसक बनने से लेकर ‘तीसरा कौन’ और अन्य फिल्मों में उनके साथ काम करने तक का सफर मेरे लिए अविस्मरणीय रहा. हर पल खास और मनोरंजक था. आपको बहुत याद करेंगे, प्रिय सतीश. ओम शांति.” भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफ.टीआईआई) के पूर्व छात्र सतीश शाह ने करियर की शुरुआत ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तां’ (1978) और ‘गमन’ (1979) जैसी फिल्मों में छोटी भूमिकाओं से की थी. कुंदन शाह की 1983 में आई फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ में भ्रष्ट नगर आयुक्त डी’मेलो की भूमिका ने उन्हें घर-घर लोकप्रिय बना दिया. टीवी धारावाहिक ‘ये जो है जिंदगी’ (1984) और ‘फिल्मी चक्कर’ (1995) में उनके किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं.
सतीश शाह पंचतत्व में विलीन: नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक ने अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया
अभिनेता सतीश शाह का रविवार दोपहर परिवार के सदस्यों, मित्रों और फिल्म एवं टेलीविजन उद्योग के सहर्किमयों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया. शाह की अंतिम यात्रा में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और उनकी पत्नी रत्ना पाठक शाह, प्रशंसक और फिल्म उद्योग के अन्य लोग शामिल हुए. रत्ना पाठक ने ”साराभाई वर्सेस साराभाई” में सतीश शाह के साथ काम किया था.
