राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। कांग्रेस नेता अजीत कुकरेजा के पिता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi Threat) के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस की जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि शोएब ही दूसरे लोगों के माध्यम से लॉरेंस के नाम पर धमकी भरे फोन करवाता था।

तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सेंट्रल जोन एसीपी, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है। शोएब ढेबर शराब घोटाला मामले में आरोपित अनवर ढेबर का बेटा है।

वह कांग्रेस नेता और रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। इसी वजह से पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चा है। धमकी प्रकरण में शोएब की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

पुलिस की जांच में पता चला है कि धमकी देने के लिए हरियाणा के एक युवक का इस्तेमाल किया जाता था। यह युवक रायपुर के एक होटल में काम करता है। आरोप है कि उससे होटल के वाई-फाई के जरिए फोन करवाए जाते थे, ताकि कॉल करने वाले की पहचान और लोकेशन छिपाई जा सके।

वीआईपी रोड क्षेत्र के एक होटल में बैठकर शराब पीने के बाद धमकी भरे फोन किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस अब होटल, वाई-फाई कनेक्शन, मोबाइल और इंटरनेट कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि होटल में शोएब और धमकी देने वाले युवकों की कितनी बार मुलाकात हुई।

कुकरेजा के पिता को धमकी देने के मामले में पुलिस ने पहले जांजगीर-चांपा के एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि युवक ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के लिए फोन किया था। इसके बदले उसे करीब पांच हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है।

इसी पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे शनिवार देर रात मेमन समाज के कार्यक्रम से हिरासत में लिया। पुलिस को अब तक करीब सात लोगों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दिए जाने की जानकारी मिली है।

पुलिस यह पता लगा रही है कि इन सभी मामलों के पीछे एक ही नेटवर्क था या अलग-अलग लोगों ने लॉरेंस का नाम इस्तेमाल किया। कॉल डिटेल, इंटरनेट कॉल, मोबाइल लोकेशन और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।

इस मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज है। अब पुलिस कुकरेजा को मिली धमकी और ढेबर परिवार से 50 करोड़ रुपये मांगने के मामले के बीच भी कनेक्शन तलाश रही है। पुलिस अब शोएब से यह जानने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले युवकों से उसका संपर्क कैसे हुआ, उन्हें कितने पैसे दिए गए और लॉरेंस का नाम इस्तेमाल करने के पीछे क्या मकसद था।

पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं अलग-अलग लोगों को धमकी दिलवाकर किसी तरह का दबाव या ब्लैकमेलिंग तो नहीं की जा रही थी। फिलहाल शोएब की भूमिका को लेकर जांच जारी है और पुलिस ने पूछताछ के निष्कर्षों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version