वाशिंगटन/मॉस्को. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीद जारी रखने पर बुधवार को भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए. इसके साथ ही भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में लगने वाला शुल्क अब बढ.कर 50 प्रतिशत हो गया है.
ट्रंप ने पिछले सप्ताह ही 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की थी. उन्होंने ने इस शुल्क के लागू होने से चंद घंटे पहले अतिरिक्त शुल्क लगाने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए. इस आदेश के बाद कुछ छूट प्राप्त वस्तुओं को छोड़कर, भारतीय वस्तुओं पर कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो जाएगा. प्रारंभिक शुल्क सात अगस्त से प्रभावी होगा जबकि अतिरिक्त शुल्क 21 दिन बाद लागू होगा.
ट्रंप ने मंगलवार को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह रूस से तेल एवं गैस खरीदने के लिए भारत पर 24 घंटे में भारी शुल्क की घोषणा करेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस इस तेल बिक्री से हासिल राशि का इस्तेमाल कर रहा है जबकि भारत सस्ता तेल पाने के लिए इस पहलू पर ध्यान नहीं दे रहा है. ट्रंप ने 30 जुलाई को भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत शुल्क की घोषणा करते समय भी कहा था कि वह रूस से तेल एवं गैस खरीदने की वजह से भारत पर अलग से जुर्माना लगाएंगे.
रूस-यूक्रेन शांति वार्ता की अमेरिकी समयसीमा से पहले ट्रंप के दूत ने पुतिन से मुलाकात की
क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कायार्लय) ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यहां मुलाकात की. यह बैठक व्हाइट हाउस द्वारा रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने के लिए दी गई समय सीमा से कुछ दिन पहले हो रही है.
अमेरिका ने चेतावनी दी है कि शांति समझौता नहीं करने पर रूस को गंभीर आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है, जिससे रूस से तेल खरीदने वाले देश भी प्रभावित हो सकते हैं. रूस के लिए ट्रंप की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त होगी. पुतिन और विटकॉफ के बीच बैठक लगभग तीन घंटे तक चली. किसी भी पक्ष ने बातचीत का तत्काल ब्योरा नहीं दिया है.
ट्रंप ने यूक्रेन के नागरिक क्षेत्रों पर रूस के बढ़ते हमलों पर पुतिन के प्रति निराशा व्यक्त की है. ये हमले ऐसे समय में तेज हुए हैं, जब ट्रंप ने हाल के महीनों में पुतिन से नरम रुख अपनाने का आग्रह किया है. वहीं, यूक्रेन के जेपोरिजिया प्रांत के गवर्नर ईवान फेडोरोव ने बताया कि मंगलवार मध्यरात्रि से बुधवार के बीच रूसी बलों ने प्रांत में एक मनोरंजन केंद्र पर हमला किया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए.
रूसी सेना ने इस क्षेत्र पर कम से कम चार हमले किए और शुरुआत में शक्तिशाली ग्लाइड बमों से हमला किया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह हमला समझ से परे है. यह केवल डराने-धमकाने के लिए क्रूरता है.” जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ग्रिड और गैस उत्पादन प्रतिष्ठानों पर भी हमला किया है, क्योंकि यूक्रेन र्सिदयों के मद्देनजर अपनी तैयारी कर रहा है.
