नयी दिल्ली/अगरतला. दिल्ली पुलिस ने वजीरपुर और नयी सब्जी मंडी इलाकों में एक अभियान के दौरान 66 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है, जिनमें 20 पुरुष, 16 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. हिरासत में लिए गए ये लोग 11 परिवारों से हैं और राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे थे. यह अभियान एक गुप्त सूचना मिलने के बाद छह जून को चलाया गया.

पुलिस के अनुसार, ये विदेशी नागरिक हाल ही में हरियाणा के नूंह (पूर्व में मेवात) से यहां आए थे, जहां वे ईंट भट्ठों में काम करते थे. अवैध प्रवास पर बढ़ती निगरानी और मीडिया जांच के कारण यह लोग नूंह से यहां आए. पकड़े जाने से बचने के लिए ये लोग दो समूहों में बंट गए और वजीरपुर जेजे कॉलोनी और नयी सब्जी मंडी इलाके में बस गए.

पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने कहा, ”कुल 35 लोगों को वजीरपुर से और 31 को नयी सब्जी मंडी से पकड़ा गया.” उन्होंने बताया कि परिवारों ने निगरानी से बचने के लिए जानबूझकर अपने मोबाइल फोन और पहचान संबंधी दस्तावेज छिपा रखे थे.
अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली में अनधिकृत विदेशी नागरिकों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है.

त्रिपुरा में बांग्लादेशी नागरिक, दो भारतीय बिचौलिये गिरफ्तार

अगरतला रेलवे स्टेशन से एक बांग्लादेशी नागरिक और दो भारतीय बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. विशेष जानकारी के आधार पर, एक संयुक्त दल ने रविवार रात अगरतला स्टेशन पर एक एक्सप्रेस ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, बांग्लादेशी नागरिक की पहचान खुलना जिले के झिल मिल (63) के रूप में हुई है. उसे बिना वैध दस्तावेजों के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.

अगरतला जीआरपी थाने के प्रभारी अधिकारी तपस दास ने बताया कि पश्चिमी त्रिपुरा जिले के दो लोगों सागर मंडल और सुब्रत दास को, झिल मिल को अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने में कथित रूप से मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
दास ने कहा कि तीनों इलाज के लिए नई दिल्ली जाना चाहते थे. उन्होंने कहा, ”जीआरपी अधिकारी गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. संदेह है कि बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कराने वाले रैकेट में और लोग शामिल हैं.” इससे पहले 3 जून को पश्चिमी त्रिपुरा के हपनिया इलाके में एक किराए के मकान से 13 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version