राष्ट्रवाणी, 07 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समिति एवं अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के आदेश जारी होने पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी जनसेवा और सुशासन के प्रति समर्पित रहकर विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति देंगे।
जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास तथा सदस्य देवशरण सेन बनाए गए हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को नियुक्त किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे तथा सदस्य सौरभसिंह जागृत, दुर्गा महेश्वर और दयावंत धर बांधे बनाए गए हैं।
इसी तरह छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद और सदस्य नेतराम निषाद, छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत तथा सदस्य सुमन मुथा, जबकि शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक और सदस्य बसंत पटेल, प्रेमलाल पटेल, संतोष पटेल एवं प्रेम पटेल नियुक्त किए गए हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य मनमथ नाथ शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की सदस्य प्रसन्ना अवस्थी, रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) तथा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष मंगल दास ठाकुर को दायित्व सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा देंगे।
