गुवाहाटी. कप्तान लॉरा वोलवार्ट की 143 गेंद में 169 रन की जबरदस्त पारी से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में बुधवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 319 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एकलेस्टोन (44 रन पर चार विकेट) और लॉरेन बेल (55 रन पर दो विकेट) ने दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम को ध्वस्त किया लेकिन वोलवार्ट ने सुनिश्चित किया कि इंग्लैंड को विश्व कप सेमीफाइनल में रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करना होगा.

वोलवार्ट ने ताजमिन ब्रिट्स (65 गेंद पर 45 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को शानदार शुरुआत दिलाई और 300 से अधिक के स्कोर का मंच तैयार किया. बीच के ओवरों में तीन रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद वोलवार्ट ने मारिजेन कैप (33 गेंद पर 42 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला. एकलेस्टोन ने कैप को चार्ली डीन के हाथों कैच कराके खतरनाक दिख रही इस साझेदारी को तोड़ा.

दक्षिण अफ्रीका ने 202 रन तक छह विकेट गंवा दिए थे और उस पर मजबूत स्कोर तक नहीं पहुंच पाने का खतरा मंडरा रहा था लेकिन वोलवार्ट ने अपने शानदार खेल से टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया. वोलवार्ट ने अपनी पारी के पहले हाफ में ऑफ साइड में कुछ शानदार ड्राइव लगाए. लय में आने के बाद उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ मिडविकेट बाउंड्री को निशाना बनाया. उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और तीन छक्के मारे.

वोलवार्ट ने 47वें ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर लिंसे स्मिथ की लगातार गेंदों पर एक छक्के और तीन चौकों से 20 रन बटोरे. उन्होंने मिडविकेट पर छक्का लगाकर अपने 150 रन पूरे किए और अपनी मैराथन पारी के दौरान पांच हजार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए. वह हालांकि अगले ओवर में लॉरेन बेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर एलिस कैप्सी को कैच दे बैठीं. क्लो ट्रायोन (26 गेंद पर नाबाद 33) और नेदिन डि क्लर्क (छह गेंद पर नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवरों में कुछ आक्रामक शॉट खेले. दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवर में 117 रन बनाए. दक्षिण अफ्रीका की टीम लीग चरण में इसी टीम के खिलाफ 69 रन पर ऑल आउट हो गई थी.



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version