मॉस्को/एयर फोर्स वन विमान से. रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के वर्तमान उपाध्यक्ष दमित्री मेदवेदेव ने सोमवार को चेतावनी दी कि रूस के भीतरी इलाकों में हमले के लिए यूक्रेन को अमेरिकी टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति के सभी पक्षों के लिए विनाशकारी नतीजे हो सकते हैं.
रूस के मेसेंजर ऐप ‘मैक्स’ पर एक पोस्ट में मेदवेदेव ने कहा, “टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति किसी के लिए भी अच्छी नहीं होगी.” उन्होंने कहा, “टॉमहॉक के परमाणु संस्करण और पारंपरिक संस्करण के बीच अंतर करना असंभव है तथा उनका प्रक्षेपण अमेरिका द्वारा नियंत्रित किया जाएगा.” मेदवेदेव के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने इस बात से सहमति जताई कि चूंकि, टॉमहॉक मिसाइलों के प्रक्षेपण के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की जरूरत होगी, इसलिए कीव में ऐसी मिसाइलों की संभावित आपूर्ति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
पेस्कोव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “ऐसी अत्याधुनिक मिसाइलों के संचालन के लिए अनिवार्य रूप से अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की आवश्यकता होगी. यह एक स्पष्ट तथ्य है. मेदवेदेव का पोस्ट इसी बारे में है.” उन्होंने कहा, “इस मुद्दे की जानकारी रखने वाला कोई भी विशेषज्ञ इसे अच्छी तरह समझता है.” रूसी सैन्य विशेषज्ञ मिखाइल खोदारियोनोक ने सरकार-नियंत्रित वेस्टीएफएम रेडियो से बातचीत में कहा कि सोवियत काल से ही अमेरिकी टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को अमेरिकी परमाणु हथियार के रूप में नामित किया गया है और उनके प्रक्षेपण से रूस की मिसाइल-रोधी रक्षा प्रणाली से स्वचालित प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है.
पिछले हफ्ते ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में मीडिया से मुखातिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को अमेरिकियों द्वारा प्रक्षेपित किया जाएगा और उन्हें रूस के अंदर लक्षित निशानों तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा था, “हमें संभावित नुकसान को कम करने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत करना होगा, लेकिन इससे हमारे संबंधों को भी नुकसान पहुंचेगा, जो पहले से ही अच्छी स्थिति में नहीं हैं.”
रूस ने जल्द युद्ध नहीं खत्म किया तो यूक्रेन को दी जाएंगी टॉमहॉक मिसाइल: रूस को ट्रंप की धमकी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को रूस को चेतावनी दी कि यदि वह यूक्रेन के साथ लंबे समय से जारी युद्ध को समाप्त नहीं करता है तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइल दे सकता है. ट्रंप ने इजराइल जाते समय एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही.
उन्होंने कहा, ”मैं कहूंगा कि अगर यह युद्ध नहीं समाप्त होता तो मैं उन्हें टॉमहॉक भेजूंगा. टॉमहॉक बेहतरीन हथियार है, बेहद आक्रामक हथियार….” ट्रंप ने पत्रकारों से कहा,” मैं उनसे कहूंगा कि अगर युद्ध समाप्त नहीं हुआ तो हम ऐसा कर सकते हैं.” ट्रंप ने हालांकि कहा, ”हो सकता है कि हम ऐसा न करें और ये भी हो सकता है कि हम ऐसा करें. मुझे लगता है कि यह बात रखनी चाहिए.” ट्रंप की यह टिप्पणी रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर हुई बातचीत के बाद आई है. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उस बातचीत में टॉमहॉक मिसाइल भेजने की संभावना का जिक्र किया था.
उन्होंने कहा, ”टॉमहॉक्स बेहद आक्रामकता भरा कदम है.” ट्रंप ने ये बयान ऐसे वक्त दिए हैं जब रूस ने यूक्रेन के बिजली संयंत्रों पर रातों रात हमला किया और यह र्सिदयों से पहले यूक्रेन की ऊर्जा संरचनाओं को ठप करने संबंधी उसके अभियान का ही हिस्सा है.
रूस ने अमेरिका द्वारा यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दिए जाने की संभावना पर ”बेहद चिंता” व्यक्त की है. पुतिन पूर्व में कह चुके हैं कि अमेरिका द्वारा यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें दिए जाने से मॉस्को और वाशिंगटन के संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंचेगा. ट्रंप ने युद्ध के संबंध में कहा, ”मुझे सचमुच लगता है कि अगर पुतिन इस मामले को सुलझा लेते हैं तो अच्छा है और अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह उनके लिए ही अच्छा नहीं होगा.”
