राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा। जिले में एक 23 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्त की बहन के घर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। मोबाइल पर बात करते समय उसकी उंगली छत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव निवासी अनित दिवाकर (23 वर्ष), पिता रामफल दिवाकर, बुधवार शाम ग्राम पंचायत खरखोद के आश्रित गांव खैराडीह में अपने दोस्त की बहन के घर आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान वह मोबाइल पर बात करने के लिए मकान की छत पर चला गया। इसी दौरान उसकी उंगली छत के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से छू गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से अनित गंभीर रूप से झुलस गया। स्वजन और आसपास के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव स्वजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि रिहायशी इलाके के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरने से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से लाइन को हटाने अथवा सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।\

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version