राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में रविवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 100 से अधिक निवेशक रेलवे चौक स्थित वैसलियन चर्च के पास एक मकान के बाहर एकत्र हो गए। निवेशकों का आरोप है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ‘लॉन्ग एशिया’ (Long Asia) के जरिए उनसे करोड़ों नहीं, बल्कि अरबों रुपये की कथित ठगी की गई है और इस नेटवर्क के तार डोंगरगढ़ से जुड़े हैं। बता दें कि अचानक बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर मौजूद निवेशकों ने बताया कि वे पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित देश के करीब 10 राज्यों से डोंगरगढ़ पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि ऑनलाइन जूम मीटिंग, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों को फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का सपना दिखाकर निवेश कराया गया। निवेशकों के अनुसार शुरुआत में समय पर अच्छा रिटर्न दिया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा और बड़ी संख्या में निवेशक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ते चले गए। कई लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी निवेश कर दी, जबकि कुछ ने बैंक खातों से रकम निकालकर और कर्ज लेकर भी इसमें पैसा लगाया। पीड़ित निवेशकों का कहना है कि फरवरी 2026 से प्लेटफॉर्म पर अचानक तकनीकी समस्या (टेक्निकल इश्यू) का हवाला देकर विथड्रॉल बंद कर दिया गया। इसके बाद निवेशकों की रकम प्लेटफॉर्म पर फंस गई और भुगतान पूरी तरह बंद हो गया। निवेशकों का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क में पांच लोग शामिल हैं और देशभर के एक लाख से अधिक निवेशक इसकी चपेट में आए हैं। उनका यह भी आरोप है कि फंसी हुई राशि अरबों रुपये तक पहुंच चुकी है। हालांकि, इस दावे की अभी तक किसी सरकारी एजेंसी या पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आरोपियों की तलाश में डोंगरगढ़ पहुंचे निवेशकों ने मामले से जुड़े बताए जा रहे एक व्यक्ति के घर का घेराव भी किया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय नागरिकों ने निवेशकों से कानून अपने हाथ में न लेने और पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कराने की अपील की। इसके बाद पुलिस ने सभी को वहां से हटाकर थाने पहुंचने और कानूनी प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी। घटना के बाद सभी निवेशक डोंगरगढ़ थाने पहुंचे और थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी निवेशक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर ने बताया कि विभिन्न राज्यों से आए लोगों ने ऑनलाइन ठगी की जानकारी दी है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि जिस स्थान से उनके साथ कथित ऑनलाइन ठगी हुई है, पहले वहां के संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। यदि जांच के दौरान डोंगरगढ़ पुलिस के सहयोग की आवश्यकता होगी, तो नियमानुसार हरसंभव सहयोग किया जाएगा। नागपुर से आए निवेशक रविशंकर बाघ ने मीडिया से चर्चा के दौरान गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुलजीत सिंह भाटिया, जोगेंद्र वर्मा, अभय कुनले और मयंक सहित कुछ लोगों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराया और अब बड़ी संख्या में लोगों की रकम फंस गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित निवेशक जल्द ही राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष का कोई बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने भी अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। लॉन्ग एशिया (Long Asia) खुद को एक ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म बताता है, जहां विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) और अन्य वित्तीय उत्पादों में निवेश कराने का दावा किया जाता है। हालांकि, सार्वजनिक रिकॉर्ड में इसे भारत में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) या भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) से अधिकृत फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म होने का कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं है। इससे जुड़े कुछ डोमेन को लेकर न्यूज़ीलैंड की वित्तीय नियामक संस्था फमा पहले ही निवेशकों के लिए चेतावनी जारी कर चुकी है। भारत में फॉरेक्स ट्रेडिंग केवल अधिकृत संस्थाओं और फेमा के नियमों के तहत ही की जा सकती है। ऐसे में यदि कोई प्लेटफॉर्म अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराता है और बाद में विथड्रॉल पर रोक लगा देता है, तो उसकी वैधता और कार्यप्रणाली की जांच आवश्यक हो जाती है। फिलहाल डोंगरगढ़ से जुड़े इस पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं, अधिक मुनाफे की उम्मीद में निवेश करने वाले विभिन्न राज्यों के सैकड़ों निवेशक फिलहाल अपनी ही मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
Trending
- दिवाली प्रदूषण: दिल्ली-एनसीआर को इससे उबरने में संघर्ष करना पड़ रहा है क्योंकि दक्षिणी शहरों की हवा तेजी से साफ हो रही है – भारतीय पीएसयू
- एनएमडीसी के सीएमडी अमिताव मुखर्जी ने भारतीय पीएसयू – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई से मुलाकात की
- एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी ने 10 गीगावॉट/40 गीगावॉट बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं के लिए वैश्विक निविदा जारी की; 40.58 GWh क्षमता के लिए बोलियाँ आमंत्रित – भारतीय PSU
- कोचीन शिपयार्ड Q2 परिणाम: समेकित PAT 50% गिरकर ₹53.77 करोड़ हो गया; बोर्ड ने ₹3 अंतरिम लाभांश की घोषणा की – भारतीय पीएसयू
- SoftBank को लगा झटका! 2 साल में पहली बार हुआ घाटा, ओला-स्विगी और मीशो समेत भारत की 25 से ज्यादा कंपनियों में है निवेश – softbank reports 7 billion dollar loss in 2 years amid ai investment concerns – राष्ट्रवाणी
- Ethanol News: पेट्रोल में बढ़ता मक्के का इस्तेमाल बढ़ाएगा थाली का खर्च! महंगे होंगे अंडे-चिकन, पोल्ट्री इंडस्ट्री पर संकट? – ethanol blendings maize shift food inflation poultry crisis – राष्ट्रवाणी
- Koffee With Karan 9: ‘जब करण ने शाहिद कपूर को स्टेज से उतार दिया…’Kiara ने शो में खोला शादी का मजेदार किस्सा – koffee with karan pregnant kiara adv flaunts baby bump says filmmaker threw shahid off the stage – राष्ट्रवाणी
- माधुरी दीक्षित के लंहगे से ज्यादा भारी था Ramayana के ‘रावण’ का कॉस्ट्यूम, Yash के मुकुट का था इतने किलो वजन – yash wore around 33 kgs costumes ravana in ramayana after madhuri dixit in devdas song – राष्ट्रवाणी

