राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आवारा कुत्तों का आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। पिछले चार महीनों में जिले के खैरागढ़ और छुईखदान ब्लॉक में 662 लोग कुत्तों के काटने और 49 लोग सांप के डंसने का शिकार हुए हैं। ये आंकड़े सिर्फ सरकारी अस्पतालों में दर्ज मामलों के हैं। यानी औसतन हर दिन 5 से 6 लोग डॉग बाइट का शिकार हो रहे हैं। लगातार बढ़ रहे इन मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, छुईखदान ब्लॉक में 381 डॉग बाइट और 31 स्नेक बाइट, जबकि खैरागढ़ ब्लॉक में 281 डॉग बाइट और 18 स्नेक बाइट के मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और सुबह-शाम सड़क पर निकलने वाले लोगों को बताया जा रहा है। कई मोहल्लों और गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लोग हमेशा डर के साए में जी रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। रेबीज एक ऐसी बीमारी है, जिसका समय पर इलाज नहीं मिला तो मरीज की जान भी जा सकती है। इसलिए कुत्ता या सांप काटते ही सबसे पहले घाव को साफ पानी और साबुन से धोना चाहिए और बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए। झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के भरोसे रहना खतरनाक हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) और एंटी स्नेक वेनम (ASV) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों का तुरंत इलाज किया जा रहा है। दूसरी ओर, बढ़ते डॉग बाइट के मामलों ने नगर पालिका, नगर पंचायत और पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि शहर और गांवों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उन्हें पकड़ने, नसबंदी कराने और टीकाकरण का अभियान जमीन पर नजर नहीं आता। स्कूल, बाजार, अस्पताल और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी कुत्तों के झुंड आसानी से देखे जा सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ कुत्तों को पकड़ना समस्या का समाधान नहीं है। इसके लिए बड़े स्तर पर नसबंदी, एंटी रेबीज टीकाकरण, कचरा प्रबंधन और नियमित निगरानी अभियान चलाना होगा। जब तक स्थानीय निकाय और संबंधित विभाग मिलकर ठोस कार्रवाई नहीं करेंगे, तब तक डॉग बाइट की घटनाओं में कमी आना मुश्किल है। चार महीने में सामने आए 662 डॉग बाइट के आंकड़े साफ बता रहे हैं कि यह अब सिर्फ स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि जन सुरक्षा का बड़ा मुद्दा बन चुका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन आवारा कुत्तों पर प्रभावी लगाम लगाएगा या फिर लोगों को रोज इसी खतरे के बीच जीना पड़ेगा?
Trending
- डुमका, झारखंड: मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने नेवेली उत्तर प्रदेश पावर कोयला खदान का काम रोक दिया – भारतीय पीएसयू
- ‘अंधेरे’ में डूबे छत्तीसगढ़ के 700 सरकारी कार्यालय, बिल जमा नहीं करने पर बिजली कंपनी की सख्ती – राष्ट्रवाणी
- वायरल VIDEO पर बड़ी कार्रवाई: मेडिकल स्टोर सील, संचालक को नोटिस, बिना डिग्री दवा बेचने और इंजेक्शन लगाने का है मामला – राष्ट्रवाणी
- ₹1 लाख में सरकारी पोस्टिंग दिलाने के आरोप वाले पुराने केस से लेकर विधायक कार्यालय तक पहुंचा प्रवेश पाण्डे का सफर – राष्ट्रवाणी
- सरगुजा में नीलामी से पांच सौ रुपये में खरीदी गोवंश को जंगल में काटा, दो गिरफ्तार – राष्ट्रवाणी
- BRICS के खत्म होते ही कच्चे तेल पर भारत-चीन की बड़ी तैयारी, हरदीप पुरी से मिले पेट्रोलियम कंपनी के चीनी अधिकारी – राष्ट्रवाणी
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए के तीन सड़क का किया भूमिपूजन—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में मतांतरण विरोधी कड़े कानून के बाद ईसाई मिशनरियों ने बदली रणनीति: प्रार्थना सभाओं के नाम पर थोक में आवेदन – राष्ट्रवाणी

