राष्ट्रवाणी (बस्तर ब्यूरो): विनोद सिंह, , जगदलपुर। प्राचीन दंडकारण्य (बस्तर क्षेत्र शामिल) के धर्म, इतिहास, प्रकृति और पुरातात्विक धरोहरों की संपदा की बात हो, तो दक्षिण छत्तीसगढ़ में मां दंतेश्वरी के धाम दंतेवाड़ा और मंदिरों की नगरी बारसूर का नाम सबसे ऊपर आता है। जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा से 35 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी तट पर स्थित बारसूर कभी प्राचीन चक्रकोट राज्य की राजधानी था।
किवदंती है कि यहां कभी 147 मंदिर और तालाब थे। आज भी 10-15 मंदिर पुरातात्विक धरोहर के रूप में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संरक्षित हैं। यहां का बत्तीसा मंदिर प्रमुख जुड़वां शिवालय है, जिसे राजमाता गंगा देवी ने 1210 में बनवाया था।
गणेश मंदिर में सात फीट और पांच फीट की पाषण की भव्य गणेश प्रतिमाएं दर्शनीय हैं। मान्यता है कि बड़े गणेश देवी के उपासक तो छोटे गणेश शिव के उपासक हैं। मामा-भांजा मंदिर लोककथा से जुड़ा मुख्य शिव मंदिर है, जबकि चंद्रादित्य मंदिर की प्रतिमाएं छिंदक काल की मूर्तिशिल्प का उत्तम उदाहरण हैं।
बारसूर में आज भी धड़कता है चक्रकोट का इतिहास। बत्तीसा से मामा-भांजा तक, बारसूर के हर मंदिर की अपनी कहानी छिपी है। 11वीं-12वीं ईस्वी में छिंदक राजवंश ने बारसूर को अपनी राजधानी बनाई थी।
यहां स्थापात्य धरोहरों के साथ ही कई प्राचीन सरोवर भी हैं। बारसूर में प्रवेश करते ही सबसे पहले खंभों वाला शिव मंदिर दिखाई देता है, जिसे बत्तीसा मंदिर के नाम से जाना जाता है। इस मंदिर में 32 खंभे लगे हुए हैं, इसीलिए इसका नाम बत्तीसा पड़ा।
शिलालेख के अनुसार इस मंदिर का निर्माण 11वीं शताब्दी में हुआ था। सोमेश्वरदेव की पत्नी गंगामहादेवी ने इस मंदिर का निर्माण करवाया था। इस मंदिर के रखरखाव के लिए श्रेयप्रेमरका नामक गांव दान में दिया गया था।
वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ शासन ने इसका पुनर्निर्माण करवाया था। इस क्षेत्र से नगर से बाहर की ओर जाने पर बत्तीसा मंदिर के समीप ही एक और शिव मंदिर है, जिसे बत्तीसा देवी का मंदिर कहा जाता है। मामा-भांजा शिव मंदिर को बारसूर की सबसे रहस्यमयी विरासत माना गया है।
जनश्रुति है कि राजा ने भांजे को बुलाकर भव्य मंदिर बनवाया, फिर भांजे ने सत्ता के लालच में मामा की हत्या कर दी। इसी घटना से इसका नाम मामा-भांजा मंदिर पड़ा। बारसूर की विरासत में युगल गणेश प्रतिमा का नाम बारसूर में है।
यहां एक समान पत्थर से बनी दो गणेश प्रतिमाएं हैं। बड़ी प्रतिमा 230 सेंटीमीटर लंबी है, दूसरी 160 सेंटीमीटर की है। एक ही मंदिर में जुड़वां अष्टविनायक प्रतिमाओं का होना अपने आप में दुर्लभ है।
शहीद बापूराव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुकमा के सहायक प्राध्यापक (इतिहास विषय) ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि बारसूर के मंदिर आठ सौ से एक हजार साल तक का जीवंत इतिहास समेटे हुए हैं। बस्तर में और कहीं एक साथ प्राचीन काल के मंदिराें का समूह नही मिलता। इस विरासत के संरक्षण पर और अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

