राष्ट्रवाणी: सुप्रिया पांडेय, रायपुर। सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की पहल पर राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर में ‘निःशुल्क अन्न सेवा–365 दिन’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ रहने वाले जरूरतमंद परिजनों को पूरे वर्ष प्रतिदिन निःशुल्क, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उपचार के दौरान उन्हें भोजन की चिंता न करनी पड़े। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की इस जनहितैषी पहल का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। अभियान के संचालन में ‘कुछ फर्ज हमारा भी’ संस्था सहयोगी के रूप में जुड़ी है, जबकि रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी सहयोगी संस्था एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन समर्थक संस्था के रूप में इस सेवा अभियान का हिस्सा हैं। शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं मरीजों के परिजनों को भोजन वितरित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले अनेक परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करते हैं। ऐसे समय में भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता की व्यवस्था करना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई और विश्वास है कि यह सेवा अभियान वर्षभर सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत और संबल का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक पहचान ऐसे सेवा कार्यों से होती है। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास ने जिस सोच, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ इस अभियान की शुरुआत की है, वह निश्चित रूप से अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की अध्यक्ष नेहा जैन ने कहा कि इस अभियान की परिकल्पना लंबे समय से उनके मन में थी। उनका उद्देश्य था कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को कम से कम भोजन के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा कर उनसे मिलने वाली दुआएं ही सबसे बड़ा सम्मान और सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह अभियान केवल 365 दिनों तक ही नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में भी निरंतर चलता रहेगा और अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक इसका लाभ पहुंचेगा। कार्यक्रम की चेयरपर्सन डॉ. रश्मि दुबे ने कहा कि इस सेवा अभियान का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि अस्पताल में मरीजों के साथ रहने वाले परिजनों की परेशानियों को कम करना भी है। इलाज के दौरान परिजनों को भोजन की व्यवस्था के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसे में यह पहल उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने के साथ मानसिक राहत भी देगी। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और किसी जरूरतमंद की मदद कर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना सबसे बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा अभियान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक बताते हुए इसे निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Trending
- छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, नदी-नाले उफान पर, मौसम विभाग का अलर्ट
- फांसी के फंदे पर युवक की लटकी मिली लाश, गर्लफ्रेंड से अनबन के बाद था परेशान! पुलिस हर एंगल से कर रही जांच – राष्ट्रवाणी
- गांजा तस्करी के मामले में नदपस कोर्ट का बड़ा फैसला: जीजा-साली को 10-10 साल की सजा, एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया – राष्ट्रवाणी
- असली सोने का सैंपल दिखाकर जीतते थे भरोसा: अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़, सोना बताकर पीतल के हार बेचने वाले यूपी के 3 आरोपी गिरफ्तार – राष्ट्रवाणी
- गरीबों के हक पर डाका! पीडीएस चावल की काली कमाई का खेल बेनकाब, पिकअप समेत 30 बोरी चावल जब्त – राष्ट्रवाणी
- “नाबालिगों को वाहन देना पड़ेगा महंगा”: धमतरी पुलिस ने अभिभावकों को दी सख्त चेतावनी, पहली बार समझाइश, दोबारा पकड़े जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई – राष्ट्रवाणी
- ‘निःशुल्क अन्न सेवा–365 दिन’ अभियान : रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की सराहनीय पहल, अंबेडकर अस्पताल में अब जरूरतमंदों को मिलेगा निशुल्क खाना – राष्ट्रवाणी
- सानजाय दुतत का जबरा फैन : जन्मदिन मनाने सदम ने नहीं दिया परमिशन तो पहुंचा हाईकोर्ट, न्यायलय ने सुनाया यह फैसला – राष्ट्रवाणी

