राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): डिजिटल डेस्क। दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों को भीड़ के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्री आराम से सफर कर सकें, इसीलिए रायपुर रेल मंडल ने एक अहम फैसला लिया है।
स्टेशन पर व्यवस्था बनाने के लिए बिहार रूट की तीन प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी रूप से बदलाव किया है। अब ये ट्रेनें 4 से 14 नवंबर के बीच प्लेटफॉर्म नंबर-7 से चलेंगी, जहां मुसाफिर गुढ़ियारी वाले गेट से सीधे और आसानी से पहुंच सकेंगे। रेलवे प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर से लेकर 14 नवंबर तक रायपुर स्टेशन से छूटने वाली तीन ट्रेनें अब प्लेटफॉर्म नंबर-7 से ही रवाना होंगी।

