🔴स्पीकर डॉ. रमन सिंह की नाराजगी के बाद सरकार ने लिया संज्ञान
राष्ट्रवाणी, 01 जून 2026। बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं के मामले में राज्य सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग संभागायुक्त से पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई थीं, लेकिन अचानक आए आंधी-तूफान के कारण कार्यक्रम स्थल को बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले इस संबंध में कलेक्टर द्वारा उनसे चर्चा भी की गई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समारोह में विधायक दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद थे और 23 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग संभागायुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री की गरिमा और स्तर के अनुरूप नहीं था। स्पीकर की इस टिप्पणी के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
अब दुर्ग संभागायुक्त की जांच रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यक्रम में अव्यवस्था के लिए कौन जिम्मेदार था और भविष्य में ऐसी स्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

