दुर्ग, 1 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को ग्राम नारधा स्थित नारधेश्वर गौधाम (गोबर वाले हनुमान जी का गांव) में वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन, भिलाई गौसेवा समिति, ग्राम पंचायत नारधा एवं नारधेश्वर गौधाम के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा होंगे, जबकि नारधेश्वर गौधाम के संरक्षक एवं विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू की विशेष उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान गौधाम परिसर में लगभग 200 छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति संवर्धन का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पत्रकारिता, स्वास्थ्य सेवा तथा गौसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, पर्यावरण प्रेमियों, पत्रकारों और गौसेवकों की सहभागिता रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना तथा समाज और गौसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करना है।
सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन, भिलाई गौसेवा समिति, ग्राम पंचायत नारधा एवं नारधेश्वर गौधाम ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने तथा पर्यावरण एवं गौसंरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
यह कार्यक्रम 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें वृक्षारोपण के साथ सम्मान समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

