राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, महासमुंद। जिले में श्रमिकों को दूसरे राज्यों में ईंट भट्ठों पर भेजने के मामले में चर्चित अजगर उर्फ जगत कुमार गुप्ता के ग्राम बाम्हनडीह स्थित घर पर गुरुवार सुबह पुलिस ने दबिश दी। ग्रामीणों के अनुसार स्कॉर्पियो से पहुंची पुलिस टीम ने उसके घर पर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि टीम बसना पुलिस की थी। इसी दौरान महासमुंद पुलिस की एक अन्य टीम के खरियाररोड में श्रमिक दलाली से जुड़े लता कुमार के घर पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने गुरुवार देर तक दोनों कार्रवाइयों के संबंध में आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की थी।
जगत गुप्ता को क्षेत्र में ‘भट्ठा सरदार’ के नाम से भी जाना जाता है। उसके खिलाफ श्रमिकों को जबरदस्ती ईंट भट्ठों में काम कराने, दूसरे राज्यों में जाने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं। पिछले वर्ष श्रमिकों को बंधक बनाए जाने से जुड़े मामले में भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और वह जेल जा चुका है।
