राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन अमले के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने शनिवार को भारतपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 556 आरएफ के पास कन्हैया नाला बांध के समीप अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है।
आरोप है कि चालक ने महिला वन अधिकारियों और कर्मचारियों पर वाहन चलाते हुए जान से मारने का प्रयास भी किया। वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्राली और रेत जब्त कर वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारतपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 556 आरएफ के पास आरक्षित वन क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन कर व्यावसायिक लाभ के लिए परिवहन किया जा रहा है।
मुंगेली वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक के निर्देश पर लोरमी उपवनमंडलाधिकारी दशरथ प्रकाश सूर्यवंशी और वन परिक्षेत्र अधिकारी जुही वर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर और दो चक्के वाली नीली रंग की ट्राली को रोका। ट्राली में रेत भरी हुई थी। वाहन चालक लोरमी थाना अंतर्गत ग्राम चेचानडीह निवासी रमेश यादव से रेत के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आरोप है कि इस दौरान चालक ने महिला वन अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर वन अमले को कुचलने की कोशिश भी की। मौके पर संतोषजनक जवाब और परिवहन से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया।
साथ ही अवैध उत्खनन में इस्तेमाल होने वाले तीन तसला और दो फावड़ा भी जब्त किए गए। जब्त वाहन और वन उपज को उच्च तकनीकी केंद्रीय रोपणी तुलसाघाट तक पहुंचाया गया। आरोपित वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान वनपाल मनोहर लाल यादव, वनपाल राजेश पाटले, वनरक्षक आशा यादव, शंकर जोशी, ललित बंजारे, प्रदीप ढीमर, सुरक्षा श्रमिक सुरेश यादव, टुकेश्वर राठौर समेत पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बाक्स- राजसात की कार्रवाई का प्रस्ताव वन विभाग के अनुसार जब्त वाहन और वन उपज के मामले में राजसात की कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रस्तावित की गई है।
इसके लिए कार्यालय के प्राधिकृत अधिकारी एवं उपवनमंडलाधिकारी लोरमी के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।

