राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेलवे क्षेत्र में सोमवार सुबह डीआरएम कार्यालय के पास लिटिल वाणी स्कूल के सामने खड़ी एक क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। कार मालिक मनीष गोयल अपने बच्चों को स्कूल से लेने पहुंचे थे। इसी दौरान कार के बोनट से धुआं निकलने लगा।
देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरी कार आग की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में गाड़ी जलकर खाक हो गई। तोरवा क्षेत्र में रहने वाले मनीष गोयल सोमवार सुबह अपने बच्चों को लेने के लिए लिटिल वाणी स्कूल पहुंचे थे।
उन्होंने अपनी क्रेटा कार स्कूल के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अचानक कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों का ध्यान कार की ओर गया, लेकिन इससे पहले कि आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता, लपटें तेजी से फैलने लगीं।
कुछ ही देर में आग ने कार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के सामने अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग आग की लपटें देखकर सहम गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक आग कार को काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी।
आग बुझने के बाद क्रेटा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आई और पूरी तरह जल गई। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
शुरुआती घटनाक्रम में बोनट से धुआं उठने की बात सामने आई है, लेकिन आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

