राष्ट्रवाणी (दुर्ग ब्यूरो): प्रतिनिधि,भिलाई। जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर के भारत में अवैध रूप से निवास करने की जानकारी सामने आई। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दुर्ग पुलिस की एसटीएफ टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया।
एसटीएफ टीम ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहयोग से समन्वित कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर 2026 को रीना अख्तर को नियमानुसार भारत से डिपोर्ट किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि संबंधित महिला द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य भारतीय दस्तावेज प्राप्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इन दस्तावेजों के सत्यापन और नियमानुसार निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों के समक्ष कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ज्ञात हो कि दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन तथा संबंधित विभागों और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध विदेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने अथवा फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

