राष्ट्रवाणी (सूरजपुर ब्यूरो): न्यूज, बिश्रामपुर : सूरजपुर जिले के जयनगर और बिश्रामपुर क्षेत्र में हुई शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। हत्या का आरोपी परवेश कुमार उर्फ प्रवेश कुमार की पत्नी ने अपने ही पति से सारे रिश्ते तोड़ते हुए सिंदूर मिटा दिया और उसे फांसी देने की मांग की है।
अपनी बात रखते हुए मीडियाकर्मियों के समक्ष सरिता फूट-फूट कर रो पड़ी। उन्होंने आशंका जताई कि पति का अगला निशाना वह खुद बन सकती थी, क्योंकि घटना से 15 दिन पहले ही पति ने बिना उसकी इच्छा के उसका एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था। गौरतलब है कि आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा और मृतका शिक्षिका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं।
उन्होंने कहा कि उसे सपने में भी अंदेशा नहीं था कि उसका पति इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकता है। सरिता ने बताया कि घटना वाली रात पति ने पेंड्रा जाने की बात कहकर उसे गुमराह किया था। उसे इस हत्याकांड की जानकारी पुलिस के माध्यम से मिली।
उसका कहना है कि उसे पति के इस कृत्य के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सरिता के मुताबिक, प्रवेश ने उसे बताया था कि रजनी बरेठ के नामर्द कहे जाने से उसका अहं आहत हुआ था। इसी बात को लेकर उसने गुस्से में हत्या कर दी।
सरिता ने कहा कि हो सकता है कि दोनों के बीच अवैध संबंध रहे हों, हालांकि इसकी जानकारी मुझे नहीं है।

