राष्ट्रवाणी: आमिर खान ने ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि राजकुमार हिरानी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। आमिर खान ने थ्री इडियट पर दिया अपडेट राजकुमार हिरानी स्क्रिप्ट पर कर रहे काम एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली।
आमिर खान (Aamir Khan) ने अपने फैंस के साथ एक जरूरी अपडेट शेयर किया है। एक्टर ने ‘3 इडियट्स’ (3 Idiots) के सीक्वल के बारे में जानकारी देकर फैंस को खुश होने का एक नया मौका दिया है। सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में एक्टर ने राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म से जुड़ी नई जानकारियों के बारे में बात की।
फिल्मों में अपने लंबे सफर और कुछ निजी पछतावों के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने सीक्वल से जुड़े सवाल को भी नजरअंदाज नहीं किया। उन्होंने बताया कि राजकुमार हिरानी ‘3 इडियट्स’ की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें इसका नया ड्राफ्ट सुना सकते हैं। इतना ही नहीं, आमिर ने यह भी बताया कि फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ‘अंदाज अपना अपना’ से जुड़ी किसी चीज पर काम कर रहे हैं।
आमिर खान ने कहा, ‘देखिए, मुझे ज्यादा कुछ बताने की इजाजत नहीं है। लेकिन इतना कह सकता हूं कि हां,राजू स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में जब मैं वापस आऊंगा, तो वह मुझे फाइनल वर्जन सुनाएंगे।
तो, देखते हैं क्या होता है।’ हालांकि आमिर खान ने मूवी को लेकर ज्यादा कुछ नहीं बताया, लेकिन ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ के साथ एक पुराने इंटरव्यू में राजकुमार हिरानी ने बताया था कि वो अभी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और अभी काफी काम बाकी है। कहानी मुख्य रूप से इस बारे होगी कि 15-20 साल बाद इन किरदारों के साथ क्या होता है।
‘वैरायटी’ के अनुसार, सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फैंस ने राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ के लिए अपना प्यार दिखाया। इसके बाद आमिर से पूछा गया कि क्या वे इसका दूसरा भाग ला रहे हैं। आमिर खान ने ये तो बताया कि राजकुमार संतोषी किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं लेकिन ये कंफर्म नहीं किया कि ये इसी मूवी का सीक्वल है।

