राष्ट्रवाणी (पेंड्रा ब्यूरो): प्रतिनिधि, अमरकंटक। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल और पर्यटन केंद्र अमरकंटक से छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को जोड़ने वाले चारों प्रमुख मार्गों की हालत बेहद खराब है। जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों, पहाड़ियों से आए मलबे और क्षतिग्रस्त पुलियों के कारण पर्यटकों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की बारिश थमने के बाद भी मरम्मत नहीं होने से समस्या बनी हुई है। इन मार्गों से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों के अनुसार, सड़क की बदहाली के कारण कम दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। कई जगह वाहनों को बेहद धीमी गति से निकालना पड़ता है।
ऐसे में दुर्घटना की आशंका के साथ वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है।

