राष्ट्रवाणी: साउथ फिल्म अभिनेता राणा दग्गुबाती ने हाल ही में इंस्टाग्राम और सिनेमा के बीच चली आ रही डिबेट पर खुलकर बात की है। स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई: इंटरनेट पर फालोअर्स की संख्या क्या अब किसी कलाकार के स्टारडम का पैमाना बन गई है। क्या इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता फिल्म की कास्टिंग से लेकर उसके निर्माण तक को प्रभावित कर रही है।
डिजिटल दौर में, जहां इंस्टाग्राम पर स्टार बनने की होड़ लगी है, अभिनेता और निर्माता राणा डग्गुबाती इस सोच को अलग नजरिए से देखते हैं। उनका मानना है कि इंस्टाग्राम और सिनेमा कहानी कहने के दो अलग-अलग माध्यम हैं, जिनके लिए अलग कौशल की जरूरत होती है। मुंबई में आयोजित आइएफपी फेस्टिवल के दौरान साउथ एक्टर राणा दग्गुबाती ने सोशल मीडिया कंटेंट, सिनेमाई कला और अपने फिल्मी सफर पर बेबाकी से बात की है।
राणा दग्गुबाती ने मुंबई में अभिनेताओं के बीच इंस्टाग्राम के चलन पर आश्चर्य जताते हुए कहा- देश के बाकी हिस्सों में स्थिति ऐसी नहीं है। दक्षिण भारत के ज्यादातर मुख्य कलाकार इंस्टाग्राम पर सक्रिय भी नहीं हैं, क्योंकि उनका मुख्य ध्यान फिल्मों में काम करने पर होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंस्टाग्राम एक अलग दुनिया है, जहां अपनी कहानी छोटे रूप में कहने का अपना करियर और तरीका है।
महामारी के दौरान कंटेंट की खपत पर विचार व्यक्त करते हुए राणा ने रील्स और शॉर्ट वीडियोस की तुलना ‘चिप्स और कोल्ड ड्रिंक’ से की। उन्होंने कहा कि कभी-कभी ये चीजें अच्छी लगती हैं, लेकिन ये पूरे भोजन (मुख्य सिनेमा) की जगह नहीं ले सकतीं। कहानी कहने के सभी माध्यम अपने अस्तित्व के साथ बने रहेंगे और हर माध्यम के लिए एक अलग विशेषज्ञता और कौशल की आवश्यकता होती है।
‘बाहुबली’ में भल्लालदेव की नकारात्मक भूमिका चुनने पर राणा ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में विजुअल इफेक्ट्स (VFX) कंपनी बनाई थी और बाद में अभिनय में आए। जब उनकी मुलाकात एसएस राजामौली से हुई, तो निर्देशक के बड़े विजन और आत्मविश्वास ने उन्हें प्रभावित किया। रिलीज से सात साल पहले इस विशाल प्रोजेक्ट से जुड़ना आसान नहीं था, लेकिन उन्हें भरोसा था कि यह भारतीय सिनेमा को बदल देगा।
आज ‘बाहुबली’ ने न केवल उनकी, बल्कि देश के कई उभरते फिल्म निर्माताओं की जिंदगी बदल दी है। एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए अपनी 600 पन्नों की सीरीज की प्रेजेंटेशन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पूरी कहानी को 5-7 मिनट के वीडियो में समेटना उनके लिए मुश्किल था। बाद में विज्ञापन जगत के एक व्यक्ति ने उसे बेहद शानदार तरीके से प्रस्तुत किया।
इससे साबित होता है कि फिल्म बनाना और शॉर्ट वीडियो बनाना दो पूरी तरह से अलग कलाएँ हैं। फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में अपनी कैमियो भूमिका पर राणा ने खुलासा किया कि रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी उनके करीबी दोस्त हैं। जब उस रोल के लिए तय बड़े स्टार ने मना कर दिया, तो ये दोनों देर रात ताज होटल में राणा के कमरे में पहुंचे और उन्हें जबरदस्ती उदयपुर ले गए।
राणा ने रात भर में सीन शूट किया और अगली सुबह वापस अपनी दूसरी शूटिंग पर लौट आए। आपको बता दें कि आने वाले समय में राणा फिल्म जय हनुमान में नजर आएंगे।

