राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। होटल पर अवैध कब्जा, जमीन की धोखाधड़ी, फर्जी सौदे, ठेका दिलाने के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों में घिरे दीपक टंडन को पुलिस बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लेकर पहुंची है। मंगलवार को उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया।
दीपक के खिलाफ प्रदेश के चार अलग-अलग जिलों में आठ एफआईआर दर्ज हैं। वहीं, उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक मामला दर्ज है, जिसमें पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दीपक टंडन पर अलग-अलग ठगी के मामलों में लगभग डेढ़ करोड़ के फ्रॉड का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में धोखाधड़ी सहित अलग-अलग आरोपों से जुड़े मामले दर्ज हैं। इनमें रायपुर में पांच, जबकि बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक एफआईआर शामिल है। अलग-अलग शिकायतों में उस पर लोगों को कारोबार, जमीन और वाहन के सौदों का झांसा देकर रकम लेने के आरोप लगाए गए हैं।
इसके अलावा रकम वापस मांगने पर धमकी देने और एआई से तैयार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने की शिकायत भी सामने आई है। दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज मामलों में फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप भी शामिल है। शिकायत के अनुसार, वाहन का सौदा करने के नाम पर पूरी रकम ले ली गई, लेकिन न तो कार उपलब्ध कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस संबंधित बैंक लेन-देन और दस्तावेजों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपी पर कोयला कारोबारियों को अपने रसूख और संपर्कों का हवाला देकर काम दिलाने तथा एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) में ठेका दिलाने के नाम पर रकम लेने के आरोप भी हैं। काम नहीं होने पर जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो विवाद की स्थिति बनी और आरोपी द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत भी पुलिस को मिली है।
दीपक टंडन का नाम होटल पर अवैध कब्जे और जमीन से जुड़े विवादों में भी प्रमुखता से सामने आया है। होटल के स्वामित्व, कब्जे और किराये से जुड़े विवाद को लेकर रायपुर में पहले भी पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा जमीन के सौदों में फर्जीवाड़ा कर अवैध लेन-देन करने के आरोपों पर पुलिस शिकायतकर्ताओं के बयान और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
दीपक के खिलाफ दर्ज शिकायतों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से तैयार तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों को बदनाम करने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप भी शामिल है। विरोध करने या रकम वापस मांगने पर पीड़ितों को धमकाया जाता था। पुलिस इन आरोपों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है।
दर्ज आठ एफआईआर के अलावा पुलिस को दीपक टंडन के खिलाफ 11 अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिनमें लगाए गए आरोपों और लेन-देन की जांच की जा रही है। पुष्टि होने पर इन मामलों में भी आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
