राष्ट्रवाणी: Homemade Hibiscus Shampoo: अगर आप बालों के लिए कुछ ऐसा इस्तेमाल करना चाहते हैं जो घर पर आसानी से तैयार हो जाए, तो गुड़हल के फूल से बना शैंपू ट्राई कर सकते हैं. गुड़हल के फूल और इसकी पत्तियों से घर पर शैंपू तैयार करना काफी आसान है. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. फूल, पत्तियां, थोड़ा पानी और कुछ चीजों की मदद से इसे घर पर बनाया जा सकता है. गुड़हल का इस्तेमाल बालों की देखभाल के लिए काफी समय से किया जाता रहा है. इसके फूल और पत्तियों में ऐसा न्यूट्रिशन पाया जाता है जो बालों की देखभाल में मदद कर सकता है. इनमें अमीनो एसिड, विटामिन C और एक नेचुरल कंडीशनर जैसा काम करने वाला म्यूसिलेज होता है. इससे बालों को मुलायम रखने और उन्हें अच्छी तरह साफ करने में मदद मिल सकती है. गुड़हल का शैंपू बनाने के लिए क्या चाहिए?
घर पर गुड़हल का शैंपू बनाने के लिए आपको 4-5 गुड़हल के फूल और 8-10 गुड़हल की पत्तियां चाहिए. इसके अलावा 2 चम्मच मूंग दाल का आटा या शिकाकाई पाउडर ले सकते हैं. इसमें 1 चम्मच नारियल तेल या ऑलिव ऑयल और जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी लगेगा. शैंपू बनाने से पहले फूल और पत्तियों को अच्छी तरह धो लें. उन पर किसी तरह की मिट्टी या गंदगी नहीं रहनी चाहिए. सबसे पहले एक बर्तन में पानी लें और उसमें गुड़हल के फूल और पत्तियां डाल दें. इसे मीडियम आंच पर करीब 5-7 मिनट तक उबालें. कुछ देर बाद पानी थोड़ा गाढ़ा होने लगेगा. इसके बाद गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. अब फूल और पत्तियों को अच्छी तरह मसल लें. इसके बाद इस पूरे मिश्रण को छान लें, ताकि आपको इसका लिक्विड मिल जाए. अब इसमें 2 चम्मच मूंग दाल का आटा या शिकाकाई पाउडर डालें. साथ में एक चम्मच नारियल तेल या ऑलिव ऑयल भी मिला दें. इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद आपका घर का बना गुड़हल शैंपू तैयार है. अगर आप इसे दूसरे तरीके से बनाना चाहते हैं तो गुड़हल के फूल और पत्तियों को पीसकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें थोड़ा पानी डालकर पेस्ट जैसा बनाया जा सकता है. इसमें कुछ बूंद ऑलिव ऑयल डालकर बालों पर लगाया जा सकता है. सबसे पहले बालों को पानी से अच्छी तरह गीला कर लें. अब तैयार किए गए गुड़हल के मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर लगाएं. इसे लगाते समय हाथों से धीरे-धीरे मसाज करें. यह शैंपू बाजार में मिलने वाले शैंपू की तरह बहुत ज्यादा झाग नहीं बनाएगा. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह बाल साफ नहीं करेगा. इसे स्कैल्प और बालों पर लगाने के बाद करीब 3-5 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद सादे पानी से बालों को अच्छी तरह धो लें. अगर आप घर पर गुड़हल का पेस्ट बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसे बालों की जड़ों से लेकर नीचे तक लगाया जा सकता है. इस तरीके में मिश्रण को करीब 15 मिनट तक बालों पर रखने के बाद गुनगुने पानी से धोने की सलाह दी गई है. गुड़हल से बालों को क्या फायदा मिल सकता है?
गुड़हल के फूल और पत्तियों में मौजूद न्यूट्रिशन बालों की देखभाल में मदद कर सकता है. इसके इस्तेमाल से बालों को मुलायम और चमकदार रखने में मदद मिल सकती है. गुड़हल को बालों के झड़ने और डैंड्रफ की समस्या में भी इस्तेमाल किया जाता है. कुछ लोग गुड़हल से बने हेयर रेमेडीज को बालों की ग्रोथ और बालों को मोटा दिखाने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं. इससे बालों की चमक बढ़ाने और उन्हें सॉफ्ट रखने में भी मदद मिल सकती है. हालांकि हर व्यक्ति के बाल और स्कैल्प अलग होते हैं. इसलिए इसे पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा लगाकर देख लेना बेहतर है. अगर गुड़हल से एलर्जी है तो इसे इस्तेमाल न करें. गुड़हल से बना यह होममेड शैंपू लंबे समय तक रखने के लिए नहीं है. इसमें कोई केमिकल प्रिजर्वेटिव नहीं होता, इसलिए इसे बनाने के बाद उसी दिन इस्तेमाल करना बेहतर है. अगर आप इसे अपने हेयर केयर रूटीन में शामिल करना चाहते हैं तो हफ्ते में एक या दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं. कुछ लोग गुड़हल के फूल और पत्तियों से तेल और कंडीशनर भी बनाकर इस्तेमाल करते हैं. सोनम एबीपी लाइव में कंटेंट राइटर हैं. यहां वह लाइफस्टाइल कैटिगरी और इसके अंतर्गत आने वाली सब-कैटिगरीज हेल्थ, होम टिप्स, रिलेशनशिप, ट्रैवल, पैरेंटिंग, ब्यूटी और फैशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. सोनम करीब 15 साल से लेखन की दुनिया में कार्यरत हैं. इससे पहले वह , के आईनेक्स्ट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इन सभी जगहों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सोनम ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन किया है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

