राष्ट्रवाणी: सुबह का नाश्ता दिन का पहला खाना होता है. कुछ लोग सुबह उठते ही भरपेट नाश्ता करते हैं, तो कुछ लोग सिर्फ चाय या फल खाकर काम चला लेते हैं. कई लोगों का मानना है कि सुबह अच्छा खाना खाने से पूरे दिन शरीर में एनर्जी बनी रहती है. वहीं कुछ लोगों को लगता है कि सुबह हल्का खाना ही बेहतर होता है. ऐसे में सवाल है कि क्या सुबह पेटभर नाश्ता करना चाहिए या अपनी भूख के हिसाब से खाना चाहिए?
इस बारे में आयुर्वेद और विज्ञान की राय क्या है, आइए जानते हैं. आयुर्वेद में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक के समय को कफ काल कहा गया है. माना जाता है कि इस दौरान शरीर की पाचन शक्ति थोड़ी धीमी रहती है. इसलिए सुबह उठते ही बहुत ज्यादा या भारी खाना खाने के बजाय हल्का और आसानी से पचने वाला नाश्ता करना बेहतर माना जाता है. आयुर्वेद के अनुसार, अगर आपको सुबह भूख नहीं लग रही है, तो जबरदस्ती पेट भरकर खाने की जरूरत नहीं है. नाश्ते में दलिया, पोहा, उपमा या थोड़े फल और मेवे शामिल कर सकते हैं. वहीं सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक के समय को पित्त काल माना जाता है. इस दौरान पाचन शक्ति तेज होने की बात कही गई है. इसलिए आयुर्वेद में दोपहर के खाने को दिन का मुख्य भोजन माना जाता है. ये आयुर्वेद की मान्यताएं हैं और हर व्यक्ति की पाचन क्षमता अलग होती है. विज्ञान भी सुबह उठते ही बहुत ज्यादा खाना खाने की सलाह नहीं देता. रात में करीब 8 से 10 घंटे तक कुछ न खाने के बाद शरीर को एनर्जी की जरूरत होती है. ऐसे में सुबह संतुलित नाश्ता करना फायदेमंद होता है. नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट वाली चीजें शामिल करने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है. इसके लिए दूध, दही, दलिया, फल, मेवे या मूंग दाल का चीला खा सकते हैं. दूसरी तरफ, बहुत ज्यादा तला-भुना या तेल वाला नाश्ता करने से कुछ लोगों को भारीपन, सुस्ती और एसिडिटी की परेशानी होती है. इसलिए सुबह ऐसा खाना बेहतर है जो शरीर को जरूरी पोषण दे और जिसे खाने के बाद आप भारीपन महसूस न करें. सुबह कितना खाना चाहिए, यह आपकी भूख, दिनभर की भागदौड़ और शारीरिक गतिविधि पर निर्भर करता है. अगर आप सुबह एक्सरसाइज करते हैं या आपका काम ज्यादा मेहनत वाला है, तो आपको थोड़ा ज्यादा खाने की जरूरत होती है. वहीं कम शारीरिक गतिविधि वाले लोगों के लिए सामान्य मात्रा में नाश्ता पर्याप्त होता है. कोशिश करें कि सुबह सिर्फ चाय-बिस्कुट खाने के बजाय प्रोटीन और फाइबर वाली चीजें खाएं. अगर उठते ही भूख नहीं लगती, तो थोड़ी देर बाद नाश्ता कर सकते हैं. जबरदस्ती खाने या लंबे समय तक भूखे रहने, दोनों से बचें. सबसे जरूरी है कि आप अपनी भूख और शरीर की जरूरत को समझें और रोज संतुलित खाना खाएं. Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें Check out below Health Tools-Calculate Your Body Mass Index ( BMI ) Calculate The Age Through Age Calculator निर्जला गौड़ इस वक्त ABP Live की लाइफस्टाइल डेस्क पर इंटर्न के तौर पर काम कर रही हैं. वह मंदसौर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में अपनी डिग्री कर रही हैं. इससे पहले वह EBNW Stories में कंटेंट राइटर के तौर पर इंटर्नशिप कर चुकी हैं. डिजिटल जर्नलिज्म और कंटेंट क्रिएशन में उनकी खास रुचि है. आसान, आकर्षक और रिलेटेबल अंदाज में कहानियों को पेश करना और पाठकों तक जानकारी को प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी खासियत है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

