राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि,जशपुरनगरः शहर के शासकीय एनईएस महाविद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों के लिए पॉक्सो एक्ट पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में रिसोर्स पर्सन के रूप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जनार्दन खरे ने शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (पॉक्सो एक्ट) के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के साथ होने वाली घटनाओं तथा उनसे बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जशपुर नेहा तिर्की एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिनव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के लिए जिले के 50 विद्यालयों को चिन्हांकित किया गया था। प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक एवं एक शिक्षिका को नामांकित किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों एवं बाल संरक्षण कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान अभियान के द्वितीय चरण के क्रियान्वयन के लिए नालसा नई दिल्ली एवं सालसा बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें मेरा बचपन मेरा अधिकार, कानून जानो बचपन बचाओ, सुरक्षित क्लिक सुरक्षित बचपन, बोलो, बताओ, बचाओ, न बाल विवाह न बाल शोषण तथा जागरूक बचपन, सशक्त बचपन जैसे थीम शामिल रहे।
अभियान का उद्देश्य बच्चों के साथ होने वाली विभिन्न घटनाओं एवं अपराधों को रोकना, बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालयों के माध्यम से सुरक्षा संबंधी जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। वर्ष 2027 तक संचालित इस अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान में शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभाने तथा बच्चों के सुरक्षित वातावरण निर्माण में शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
इस अभियान के माध्यम से विद्यालयों में बाल सुरक्षा, अधिकारों एवं कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित और सशक्त बचपन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

