राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि,अंबिकापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लीचीरमा में एक ही परिवार में दो दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत से गांव में शोक का माहौल है। शराब को लेकर हुए मामूली विवाद ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पत्नी ने कीटनाशक पीकर जान दे दी, तो पत्नी की हालत बिगड़ने की खबर सुनकर पति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार लीचीरमा गांव की सुखमनी पैकरा (45) का 16 नवंबर को अपने पति सखीराम पैकरा (48) वर्ष से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। पत्नी का आरोप था कि पति शराब पीकर गांव में घूमता रहता है और कोई काम नहीं करता है। इसी बात से वह परेशान थी।
पति खेती-किसानी का काम देखते थे, लेकिन शराब की लत के कारण घर में आए दिन कहासुनी होती थी। विवाद बढ़ने पर सुखमनी ने कीटनाशक पी लिया। स्वजन उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
वहां से हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। सुखमनी को अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया। स्वजन ने उसे अंबिकापुर के ही मिशन अस्पताल में दाखिल कराया।
19 नवंबर को पत्नी की हालत बिगड़ने की जानकारी पति सखीराम को मिली तो वह काफी विचलित हो गया। पत्नी की गंभीर हालत और घटना से विचलित पति सखीराम ने गुरुवार सुबह अपने घर के मयार में फांसी लगाकर जान दे दी।पुलिस ने शव का शव परीक्षण कराकर शव स्वजम को सौंप दिया। 20 नवंबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।इधर, पति की मौत के बाद सुखमनी की हालत भी बिगड़ गई और शनिवार को मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने महिला के शव को शव परीक्षण के लिए भेज दिया है। शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद दो जिंदगियों के अंत का कारण बन गया। मृतक दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं।
इनमें से एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है। माता-पिता दोनों को खोने से बच्चों और स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुत्र मनीष पैंकरा ने बताया कि माँ और पिताजी के बीच मामूली झगड़ा हुआ था।
इसके बाद दोनों इस दुनिया से चले गए। गांव के लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। लोग कह रहे हैं कि यदि समय रहते शराब की लत पर रोक लगती और विवाद को समझदारी से सुलझाया जाता तो आज दो जिंदगियां बच जातीं।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

