राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): शाहरुख खान, कांकेर। शाहरुख खान, कांकेर। वाहन को ई-वे बिल के मामले में छोड़ने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जगदलपुर की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि रिश्वत की यह रकम मध्यस्थ सीए इमरान मेमन के माध्यम से ली जा रही थी और मांग पूरी न होने पर चालानी कार्रवाई की धमकी भी दी गई थी। एसीबी के अनुसार, संजय नगर, कांकेर निवासी कबाड़ी कारोबारी शोएब रंगरेज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल के संबंध में उनका ट्रक रोके जाने के बाद उसे छुड़ाने और मामले में राहत देने के लिए सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत न देकर अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। साक्ष्यों के साथ मिली शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। गिरफ्तार आरोपितअंचला गिरी (सहायक आयुक्त, स्टेट जीएसटी) व मध्यस्थ इमरान मेमन शनिवार, 21 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने आदर्श नगर स्थित अधिकारी के निवास पर दबिश दी।
बताया जा रहा है कि एसीबी की टीम को देखते ही सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने रिश्वत के नोटों का बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिया। हालांकि टीम ने डेढ़ लाख रुपये की रकम नाली से बरामद कर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया और मामले में संलिप्त संजयनगर निवासी 30 वर्षीय सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि सहायक आयुक्त के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और सीए इमरान मेमन के विरुद्ध धारा 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आय से अधिक संपत्ति के संदेह में अंचला गिरी के निवास पर तलाशी अभियान भी शुरू किया, जिसमें संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच जारी है।

