राष्ट्रवाणी: सुलताना में धूमधाम से हुआ भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाहJhunjhunu News: पालकी में सवार होकर निकले भगवान शालिग्राम, बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से निकली बारातReported by:Agency:Last Updated:November 22, 2026, 12:42 ISTदेवउठनी एकादशी के अवसर पर सुलताना कस्बे में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।
इस दौरान भव्य बारात निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।ख़बरें फटाफट झुंझुनूं: देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर जिले के सुलताना कस्बे में आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला. कस्बे में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के विवाह का आयोजन पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया. इस मौके पर भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली गई. आकर्षक ढंग से सजाई गई पालकी में भगवान शालिग्राम को विराजमान कर श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ बारात लेकर निकले. बारात में शामिल श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए और भजनों की धुन पर झूमते हुए चल रहे थे. कस्बे के मुख्य मार्गों से निकली बारात के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं. पूरे आयोजन में ऐसा माहौल रहा, मानो कस्बे में किसी परिवार में मांगलिक विवाह समारोह आयोजित हो रहा हो. तुलसी विवाह की तैयारियों और धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत नगरदेव भगवान गोपीनाथजी को विवाह का निमंत्रण पत्र अर्पित करने के साथ हुई. सनातन परंपरा के अनुसार सबसे पहले नगरदेव को आमंत्रित कर आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया. इसके बाद विवाह से जुड़ी पारंपरिक रस्में शुरू हुईं. कोरथ और तिलक की रस्म विधि-विधान से निभाई गई. तुलसी विवाह पूजन में मुख्य यजमान दिनेश ने सपत्नीक भाग लेकर पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया. इसके बाद भगवान शालिग्राम की बारात निकालने की तैयारियां की गईं. आकर्षक पालकी में भगवान को विराजमान कर श्रद्धालुओं ने बारात की अगवानी की. भजनों पर झूमते हुए बारात में शामिल हुए श्रद्धालु भगवान शालिग्राम की बारात कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर विवाह स्थल पहुंची. बारात में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए. भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान की बारात में आगे बढ़ते रहे. विवाह स्थल पर बारात पहुंचने पर महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ भगवान शालिग्राम का स्वागत किया. इस दौरान पुष्प वर्षा की गई और विवाह की परंपराओं के अनुसार तोरण मारने की रस्म निभाई गई. इसके बाद विवाह की अन्य रस्में शुरू हुईं. रात्रि में पंडित कृष्ण शास्त्री और बृजेश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न करवाया. श्रद्धालुओं ने विवाह की सभी रस्मों में भाग लेकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया. चार महीने बाद जागते हैं भगवान विष्णु, शुरू होते हैं मांगलिक कार्य पंडित कृष्ण शास्त्री ने बताया कि देवउठनी एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं. इसी दिन से चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है. तुलसी विवाह इसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराकर श्रद्धालु सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं. उन्होंने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ने का अवसर मिलता है. सुलताना में आयोजित इस विवाह समारोह में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने एक बार फिर कस्बे की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की झलक पेश की. न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए |Location :Jhunjhunu,RajasthanFirst Published :November 22, 2026, 12:42 ISTऔर पढ़ें
