राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, अंबिकापुर: शहर के कारोबारी से व्यापार के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले प्रतीक स्टील ट्रेडर्स के संचालक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने कूटरचित दस्तावेज और धर्मकांटा-जमीन का झांसा देकर दो करोड़ आठ लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए और तकादा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। एसएसपी ने जिले में ठगी और आपराधिक विश्वासघात के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। थाना कोतवाली में शिकायतकर्ता राहुल गोयल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गोधनपुर वसुंधरा विहार रोड निवासी सुजीत जायसवाल जो प्रतीक स्टील ट्रेडर्स का संचालक है, उससे उसकी पुरानी जान-पहचान थी।
दोस्ती का फायदा उठाकर आरोपित सुजीत जायसवाल ने व्यापार में पार्टनरशिप और बड़ा मुनाफा का लालच दिया और कुल चार करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। भरोसे में आकर राहुल गोयल ने 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच किस्तों में कुल 4,80,50,000 रुपये दे दिए। बाद में हिसाब मांगने पर आरोपित ने टालमटोल शुरू कर दी।
कई बार कहने पर आरोपित ने केवल दो करोड़ 72 लाख रुपये ही वापस किए। शेष दो करोड़ आठ लाख 50 हजार रुपये हड़प गया।इतना ही नहीं, आरोपित ने धर्मकांटा लगाने और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए जमीन दिलाने के नाम पर भी अतिरिक्त रकम ऐंठ ली। न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया।
जब राहुल गोयल ने बकाया रकम का तकादा किया तो आरोपित सुजीत जायसवाल ने उसे और उसके परिवार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) धोखाधड़ी, 296 अश्लीलता/गाली, 351(3) आपराधिक धमकी, 316(5) आपराधिक विश्वासघात बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित सुजीत जायसवाल (48) निवासी गोधनपुर वसुंधरा विहार रोड वर्मा बाड़ी के पास थाना गांधीनगर अंबिकापुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने व्यापार के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया।साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
