राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के हसदेव नदी स्थित सर्वेश्वर एनीकट में सुबह लापता कॉलेज छात्र अर्जुन सिंह नेटी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह सहायक उप निरीक्षक धनंजय सिंह नेटी का इकलौता पुत्र था।
अर्जुन 18 नवंबर को कॉलेज जाने के नाम पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी अब तक नहीं मिले हैं। इन परिस्थितियों के कारण स्वजन घटना को सामान्य नहीं मान रहे हैं।
पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। अर्जुन दर्री स्थित कैलाश विहार स्थित एफ-टाइप 819 में रहता था। उसके पिता धनंजय सिंह नेटी बांगो थाना में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ हैं।
अर्जुन कमला नेहरू महाविद्यालय का छात्र था। 18 नवंबर को वह बाइक से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। स्वजन ने अपने स्तर पर तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद 19 नवंबर को दर्री थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस और स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। इस बीच बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पिछले दिनों एक युवक और बाइक जली हुई अवस्था में मिलने की घटना सामने आई थी।
उस समय अर्जुन की तलाश भी जारी थी। पुलिस ने स्वजन को बुलाकर जले शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अर्जुन नहीं होने की पुष्टि हुई थी। अब सर्वेश्वर एनीकट में अर्जुन का शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
शनिवार सुबह सर्वेश्वर एनीकट में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने पानी में शव देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाया। स्वजन को बुलाकर पहचान कराई गई, जहां शव अर्जुन सिंह नेटी का निकला।
अर्जुन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। उसकी बाइक और मोबाइल फोन गायब होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

