राष्ट्रवाणी: यदि ATM से कैश न निकले और खाते से पैसे कट जाएं, तो आरबीआई के नियमानुसार बैंक को 5 दिन के भीतर रकम वापस करनी होगी। ATM से पैसे न निकलने पर बैंक 5 दिन में लौटाएगा रकम। देरी पर बैंक प्रतिदिन 100 रुपये मुआवजा देगा ग्राहक को।
मुआवजे के लिए ग्राहक को अलग क्लेम की जरूरत नहीं। बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: अगर आपने ATM से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन मशीन से कैश नहीं निकला और आपके बैंक खाते से रकम कट गई, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नियमों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में बैंक को तय समय के अंदर आपके पैसे वापस करने होंगे।
अगर बैंक ऐसा नहीं करता है, तो ग्राहक को हर दिन 100 रुपये का मुआवजा देना होगा। खास बात यह है कि इसके लिए ग्राहक को अलग क्लेम करने की जरूरत नहीं है। आरबीआई के नियमों के मुताबिक, अगर ATM ट्रांजैक्शन के दौरान खाते से पैसे कट जाते हैं, लेकिन कैश नहीं निकालता, तो बैंक को अधिकतम 5 कैलेंडर दिनों के अंदर रकम वापस करनी होगी।
इसमें ट्रांजैक्शन वाले दिन को T माना जाता है और रिवर्सल की समयसीमा T+5 होती है। अगर बैंक 5 दिन के भीतर पैसे वापस नहीं करता है, तो छठे दिन से ग्राहक को हर दिन 100 रुपये का मुआवजा देना होगा। यह मुआवजा तब तक मिलेगा, जब तक खाते में पूरी रकम वापस नहीं आ जाती।
आरबीआई के नियमों के मुताबिक, बैंक को देरी होने पर ग्राहक के खाते में अपने आप 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मुआवजा जमा करना होगा। इसके लिए ग्राहक की तरफ से अलग से कोई दावा या आवेदन जरूरी नहीं है। हालांकि, ऐसी स्थिति में बैंक में शिकायत दर्ज कराना बेहतर रहता है, ताकि ट्रांजैक्शन की जांच हो सके।
अगर ATM से पैसे नहीं निकले और खाते से रकम कट गई, तो ग्राहक को तुरंत अपने बैंक में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके लिए ये कदम उठा सकते हैं: * ATM ट्रांजैक्शन की स्लिप संभालकर रखें।* बैंक से मिले SMS और ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।* ATM का नंबर और ट्रांजैक्शन की तारीख नोट करें।* बैंक के कस्टमर केयर या ब्रांच में शिकायत दर्ज कराएं।* शिकायत का रेफरेंस नंबर जरूर लें।
अगर बैंक 30 दिनों के भीतर शिकायत का जवाब नहीं देता या ग्राहक बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं है, तो आरबीआई के इंटीग्रेटेड लोकपाल (Ombudsman) के पास शिकायत की जा सकती है। इसके लिए आरबीआई के CMS पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

