बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने 36 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात जांगला थाना क्षेत्र के बेंचराम गांव में हुई. मृतक की पहचान दशरू राम ओयाम के रूप में हुई है.

अधिकारियों ने बताया कि बीती रात माओवादियों का एक समूह दशरू के घर में घुस गया और उसे बाहर निकाल लिया. बाद में माओवादियों ने दशरू पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाकर कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि आज सुबह जब घटना की सूचना मिली तब पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है.

इस घटना के साथ ही इस साल अब तक बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में माओवादी हिंसा में लगभग 37 लोगों की जान जा चुकी है. एक सितंबर को पड़ोसी सुकमा में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की हत्या कर दी थी. प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित बयान में शांति वार्ता को सुगम बनाने के लिए अपने सशस्त्र संघर्ष को अस्थायी रूप से स्थगित करने की घोषणा की है, लेकिन सरकार से एक महीने का ‘युद्ध विराम’ घोषित करने और प्रक्रिया शुरू करने के लिए सुरक्षा अभियानों को रोकने का अनुरोध किया है. इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा है कि वह बयान की प्रमाणिकता की पुष्टि कर रही है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version