राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर: माना कैंप थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर युवती को लगातार अश्लील और अपमानजनक संदेश भेजकर मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग इंस्टाग्राम आइडी से युवती की फोटो पर आपत्तिजनक संदेश किए। इसके साथ ही गाली-गलौज करते हुए युवती पर गलत और झूठे आरोप लगाए गए।
युवती के परिवार से जुड़ी निजी बातों को भी गलत तरीके से पेश करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई पूरी कर चुकी है।
उसने शिकायत में बताया कि वह अपने मोबाइल से इंस्टाग्राम पर अपनी आइडी चलाती है। सात जून से 14 जुलाई 2026 के बीच उसके इंस्टाग्राम पर अपलोड फोटो पर कुछ अज्ञात लोगों की ओर से लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश किए गए। शिकायत में बताया गया कि इंस्टाग्राम की आइडी sanjuray9744 और sonu912766 से अश्लील संदेश भेजे गए।
संदेशों में गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के साथ युवती के खिलाफ गलत व झूठे आरोप लगाए गए। आरोप है कि उसके परिवार से संबंधित व्यक्तिगत बातों को भी गलत तरीके से पेश कर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया।
