राष्ट्रवाणी: वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बड़ा सियासी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
बीजेपी के नाराज फूफा हमारे संपर्क में हैं। मंत्री खुशवंत साहेब के भाई कांग्रेस में शामिल हुए हैं. ये शुरुआत है, समय आने दीजिए, कई लोग पार्टी में शामिल होंगे। अभी कई बड़े धमाके होंगे।
दीपक बैज ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता हमारे साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते। भाजपा में कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाता है।
जो लोग कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए, वो वापसी के लिए लाइन लगे है। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आदिवासी मानने से इनकार करते हुए कहा कि हम सीएम को आदिवासी नहीं मानते, वो तो वनवासी हैं। आदिवासी होते तो विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते।
बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा को लेकर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि । उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी। हाथी-मानव द्वंद्व और पर्यावरण को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
शराब के मुद्दे पर बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग का आरोप लगाते हुए प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस पूरे नेटवर्क का पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा- बीजेपी अब जेन जी को साधने की कवायद कर रही है, उनके पास छत्तीसगढ़ में कोई काम तो है नहीं, इसलिए रील बना रहे, डांस कर रहे, 2028 के बाद इनके पास कोई काम नहीं रहेगा।
आने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री कौन होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा, सवाल ये नहीं है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। सवाल छत्तीसगढ़ को बेचने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकने का है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस के नेताओं में सामंजस्य है।
हम एक गाड़ी में बैठकर जाते हैं। बीजेपी के बड़े नेता आपस में एक गाड़ी में कब बैठेंगे, बीजेपी ये बताए। 2028 के चुनाव की तैयारियों पर बैज ने कहा कि कांग्रेस का रोडमैप तैयार है।
किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों की स्थिति को लेकर कांग्रेस सरकार को घेर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा और मछली की आंख पर निशाना होगा। बिलासपुर में हुए तीन दिवसीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर मंथन हुआ।
उन्होंने कहा- ‘मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, तीन दिन तक अमृत निकला।
