राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। धान की फसल लाने के लिए बेटे के साथ बाइक से खेत जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। चलते वाहन में पानी की बोतल साइड होने पर उसे संभालने की कोशिश महिला के लिए जानलेवा साबित हुई।
बाइक से नीचे गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद स्वजन उसे इलाज के लिए सिम्स लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिवार में मातम पसर गया है। मिली जानकारी के अनुसार चेतन बाई निवासी ग्राम उमरिया, थाना सरगांव, अपने बेटे हेमप्रकाश के साथ गांव के ही खेत में धान की फसल लाने जा रही थी। खेत में कटी हुई धान की फसल को बांधकर घर लाने की तैयारी थी।
इसी सिलसिले में मां-बेटे बाइक से खेत की ओर निकले थे। बताया जा रहा है कि बाइक पर रखी पानी की बोतल अचानक एक तरफ खिसक गई। चलते वाहन में बोतल को संभालने के प्रयास में चेतन बाई का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ी।
अचानक हुए इस हादसे में चेतन बाई के सिर में गंभीर चोट आई। बेटे हेमप्रकाश और आसपास मौजूद लोगों ने महिला को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
सिम्स में महिला का पीएम कराया है।
