सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 09 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। 9 मई 2026 को जारी आदेश के तहत विभिन्न नगर निगमों और नगरीय निकायों में पदस्थ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह को नगर पालिक निगम रायपुर से नगर पालिक निगम बिलासपुर भेजा गया है। वहीं दिनेश नेताम को नगर पालिका परिषद कवर्धा से संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास (यांत्रिकी), क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग में पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में सहायक अभियंता बुजेश श्रीवास्तव को नगर पालिका परिषद कोण्डागांव से नगर निगम बिलासपुर में प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी दी गई है। ललित कुमार त्रिवेदी को भी नगर निगम बिलासपुर में प्रभारी कार्यपालन अभियंता का दायित्व सौंपा गया है।
सहायक अभियंता सी.बी. परगनिहा को संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास (यांत्रिकी) क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग से नगर निगम धमतरी भेजा गया है। वहीं श्री हेमंत कुमार साह को नगर निगम भिलाई-चरौदा से नगर निगम दुर्ग में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा चंद्रशेखर सारथी को नगर निगम रायगढ़ से नगर पालिका परिषद चांपा तथा श्री गगन वासन को राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर अटल नगर से नगर निगम जगदलपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश में नगर पालिक निगम रिसाली के कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे को उनके वर्तमान कार्य के साथ-साथ प्रभारी अधीक्षण अभियंता, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास (यांत्रिकी), क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली में गति लाने और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
