राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, अंबिकापुर :सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सितकालो में बुधवार सुबह मवेशी चराने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। मवेशियों को छोड़कर वह जंगल के भीतर खुखड़ी खोज रहा था। भालू के हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पहले उदयपुर सीएचसी, फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल और वहां से रायपुर रिफर किया गया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सितकालो के रहने वाले चैतू राम (55) बुधवार सुबह मवेशी और बकरियां चराने के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल गए थे। जंगल में वह खुखड़ी खोजने के लिए अंदर गया। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने चैतू राम के सिर, कंधे और पीठ पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। भालू से बचने के लिए चैतू राम ने काफी संघर्ष किया। भालू के भाग जाने के बाद वह घायल हालत में किसी तरह गांव की ओर चलकर पहुंचा। रास्ते में मवेशी चरा रहे अन्य ग्रामीणों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा और उसकी मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तुरंत उसके स्वजन को दी। इसी दौरान चैतू राम बेहोश हो गया। स्वजन ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रिफर किया गया। अंबिकापुर में चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रिफर कर दिया। लेकिन रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही चैतू राम ने दम तोड़ दिया। चैतू राम की मौत की खबर के बाद ग्राम सितकालो में भय का माहौल है। घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में लोग खुखड़ी और पुटू जैसे जंगली खाद्य पदार्थ लेने के लिए अक्सर जंगल जाते हैं। इसी दौरान भालू के हमले का खतरा बना रहता है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया है। वन विभाग ने मृतक के स्वजन को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।फिलहाल वन विभाग ने जंगल से गुजरने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों जंगल न जाने की अपील की है। उदयपुर वन परिक्षेत्र में भालुओं का स्वच्छंद विचरण होता है। कोरबा : सरगुजा के अलावा कोरबा जिले के वनांचल ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल में भी भालू के हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार शाम करीब छह बजे जंगल की ओर गई दो महिलाएं भालू के अचानक हुए हमले का शिकार हो गईं। इस घटना में मूल्यारो बाई (50) और समारी बाई के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को कोरबा के शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। वन विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया है और वनांचल के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा अकेले जंगल में न जाने की सलाह दी है। शंकरगढ़: शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम आसनपानी में सोमवार शाम एक वृद्ध पर भालू ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर वृद्ध की जान बचाई। जानकारी के अनुसार भगतु कोडाकू 60 वर्ष मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना भालू से हो गया और भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर तत्काल वहां पहुंचकर शोर मचाया, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया और ग्रामीण की जान बच सकी। घायल भगतु कोडाकू को प्राथमिक उपचार के लिए शंकरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग द्वारा घायल ग्रामीण को तत्काल राहत के रूप में एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version