राष्ट्रवाणी: नई दुनिया न्यूज डौंडीलोहारा। छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला डौंडीलोहारा ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भंवरमला के आश्रित ग्राम रायगढ़ से सामने आया है, जहां जंगल में शौच करने गए एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ग्रामीण पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे की है। रायगढ़ निवासी 60 वर्षीय संत राम मंडावी गांव से लगे हुए पास के जंगल में शौच के लिए गए हुए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग संभल भी नहीं पाए और भालू ने उनके कंधे सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए बुजुर्ग ने किसी तरह भालू के चंगुल से खुद को छुड़ाया और शोर मचाते हुए तेजी से गांव की तरफ भागे। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक भालू वापस घने जंगल की ओर भाग चुका था। ग्रामीणों की सहायता से घायल बुजुर्ग को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल संत राम मंडावी ने बताया कि पिछले कई दिनों से इसी क्षेत्र के आसपास भालू का लगातार विचरण देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस बात की सूचना कई बार दी थी, लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल के भीतर खदेड़ने या ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए कोई भी प्रभावी पहल नहीं की गई है। हाल ही में कांकेर जिले में भालू के हमले का मामला सामने आया था, जहां खेत और जंगल के पास मवेशी चरा रहे या काम कर रहे ग्रामीणों पर भालू ने अचानक धावा बोल दिया था। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version